आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए दिल्ली से राहत अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज आज यानी बुधवार 3 सितंबर की सुबह राहत सामग्री से भरा पहला ट्रक लेकर पंजाब रवाना हुए। यह दिल्ली से भेजी गई AAP की पहली राहत खेप है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि रोजाना दिल्ली से राहत सामग्री के ट्रक पंजाब भेजे जाएंगे, जिसमें पार्टी के नेता, विधायक, सांसद और आम लोग भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में बहुत से RWA, व्यापारी और देशभर से लोग पंजाब के साथ खड़े होकर मदद के हाथ बढ़ा रहे हैं।
पंजाब के प्रभारी और AAP के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता दिल खोलकर बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटे हुए हैं।
रवाना होने से पहले सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब की बाढ़ ने किसानों, पशुपालकों और आम लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार, वहां के मंत्री, विधायक और सभी दल राहत कार्यों में सक्रिय हैं। सौरभ ने बताया कि राजेंद्र नगर विधानसभा से भी राहत सामग्री जुटाई गई है और वह स्वयं इस ट्रक के साथ पंजाब पहुंच रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि AAP के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे तन, मन और धन से सेवा में आगे आएं। सौरभ ने कहा कि पंजाबी और सिख समुदाय ने हमेशा पूरे देश के लिए सेवा की है और हर आपदा में सबसे पहले लंगर की सेवा शुरू की है। यही परंपरा पार्टी को प्रेरणा देती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
