Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में जून के महीने में आसमान से आग बरस रही है। यहां प्रचंड गर्मी के साथ लू का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। वहीं धूप की तपिश भी लोगों को बेहाल कर रही है। दिल्ली में मंगलवार और बुधवार को लू के थपेड़े भी झेलने पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में चिलचिलाती और उमस भरी गर्मी परेशान करने वाली है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री पार पहुंचने के आसार हैं।
दिल्ली में आज लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। आज लू चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तामपान 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। फिलहाल दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में आज बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
चिलचिलाती गर्मी ने किया परेशान
दिल्ली में सोमवार को प्रचंड गर्मी का एहसास हुआ। दोपहर होते ही यहां सूरज की तपिश बढ़ गई। सोमवार को चिलचिलाती गर्मी के चलते दोपहर में सड़के खाली नजर आईं। साथ ही गर्म हवाओं के चलने से लू का एहसास हुआ। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी का सबसे गर्म इलाका नरेला रहा। यहां पारा 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। नरेला का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व नजफगढ़ में 46.3 डिग्री, पीतमपुरा 45.7 डिग्री, पूसा में 45.3 डिग्री, आया नगर में 44.7डिग्री और जाफरपुर में 44.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
