दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक नाइजीरियाई ड्रग पेडलर को 74.90 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन और 46,200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अमर कॉलोनी इलाके से भारत में अवैध रूप से रह रहे पांच अन्य अफ्रीकी नागरिकों को भी पकड़ा है। जांच में पता चला कि ये सभी अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहे थे।
कैसे हुई कार्रवाई
पुलिस को जानकारी मिली थी कि अमर कॉलोनी इलाके में रहने वाले दो नाइजीरियाई नागरिक दिल्ली के दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में एमडीएमए की सप्लाई कर रहे हैं। इस सूचना पर एसीपी हरि सिंह और इंस्पेक्टर विष्णु दत्त तिवारी की अगुवाई में टीम ने जाल बिछाया और एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका एक साथी खिड़की से कूदकर भागने में सफल रहा। तलाशी में आरोपी के पास से 74.90 ग्राम एमडीएमए, नकद राशि और मोबाइल फोन मिले। पुलिस ने अमर कॉलोनी थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अबोआग्ये किंग्सले अफ़ोम के रूप में हुई है, जो 2024 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। उसके अलावा गिरफ्तार किए गए अन्य पांच अफ्रीकी नागरिकों की पहचान जुलियट अबी नगन्या, मैगडालीन नगेटी नगेके, रीटा एनलाइन अका, एजोका पी. ओनेडिका और टोन कम्फर्ट मायरा के रूप में हुई है। ये सभी कैमरून के रहने वाले हैं।
ड्रग नेटवर्क का मास्टरमाइंड फरार
पुलिस के अनुसार, जो आरोपी फरार है, वही इस ड्रग नेटवर्क का असली हैंडलर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, गिरफ्तार किए गए अफ्रीकी नागरिकों को एफआरआरओ के सामने पेश किया गया है और उनके निर्वासन (deportation) की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस की सतर्कता से बचा बड़ा नेटवर्क
दक्षिण-पूर्वी जिले की यह कार्रवाई दिल्ली में सक्रिय विदेशी ड्रग नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और कई खुलासे होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
