देशभर में धनतेरस (Dahnteras) का त्योहार मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर भगवान धन्वंतरि से लोगों के सुख, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि हर परिवार में खुशी और उमंग बनी रहे और सभी का जीवन खुशियों से रोशन हो।
पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने अपने पोस्ट में लिखा, 'सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है।' पीएम मोदी ने अपने संदेश के साथ भगवान धन्वंतरि को समर्पित एक संस्कृत श्लोक भी शेयर किया है। इस श्लोक के जरिए उन्होंने भगवान धन्वंतरि को नमन किया और उनके आशीर्वाद की कामना की। श्लोक में भगवान धन्वंतरि को देवताओं और असुरों द्वारा वंदित, रोग, बुढ़ापे और मृत्यु के भय को दूर करने वाले तथा विभिन्न औषधियों के दाता के रूप में याद किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में CRPF को मिली बड़ी कामयाबी
कौन हैं भगवान धन्वंतरि?
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। उन्हें भगवान विष्णु का अवतार भी कहा जाता है। मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी वजह से धनतेरस के दिन उनकी पूजा की जाती है। धनतेरस को धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। यह दिवाली के पांच दिवसीय पर्व की शुरुआत का प्रतीक है। इस दिन लोग भगवान धन्वंतरि के साथ माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करते हैं। कई लोग इस अवसर पर सोना, चांदी, बर्तन और दूसरी नई चीजें भी खरीदते हैं।
o
धनतेरस पर क्यों होती है भगवान धन्वंतरि की पूजा?
धनतेरस का त्योहार सिर्फ धन और खरीदारी से ही नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली से भी जुड़ा है। भगवान धन्वंतरि की पूजा करके लोग अपने और अपने परिवार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
