शहर

बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, नक्सलियों के छिपाए विस्फोटकों का जखीरा बरामद, 711 BGL सेल जब्त

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान 711 BGL सेल बरामद किए। ताड़पाला FOB के पास मिले विस्फोटकों के बाद इलाके में डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा।

Image

नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में CRPF को मिली बड़ी कामयाबी (Image Credit- iStock)

छत्तीसगढ़ के बीजापुर (Chhattisgarh, Bijapur) में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान कुल 711 BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल मिले हैं। सुरक्षाबलों ने सभी विस्फोटकों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है। आशंका है कि इलाके में अभी भी IED और अन्य विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई हो सकती है।

संयुक्त टीम ने चलाया था सर्च ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस कार्रवाई में जिला पुलिस, CRPF की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला FOB के पास केजी हिल्स में विस्फोटकों का जखीरा मिला। ये सभी BGL सेल ताड़पाला FOB से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में छिपाकर रखे गए थे। जवानों ने सावधानी बरतते हुए सभी 711 BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद इलाके में अन्य विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सुरक्षा और तलाशी अभियान पर जोर दिया जा रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

जंगल और पहाड़ियों में जाने से बचने की सलाह

सुरक्षाबलों को आशंका है कि केजी हिल्स और आसपास के जंगलों में IED समेत अन्य विस्फोटक सामग्री भी छिपाई गई हो सकती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने खास तौर पर करेंगेुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में नहीं जाने की अपील की है। लोगों को बताया गया है कि इन इलाकों में बिना जानकारी या जरूरी सावधानी के जाना खतरनाक हो सकता है।

आगे चलाया जाएगा डी-माइनिंग अभियान

मिली जानकारी के मुताबिक, इलाके में छिपे संभावित विस्फोटकों का पता लगाने के लिए आगे निर्धारित योजना के तहत डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए जंगल और पहाड़ियों में मौजूद IED तथा दूसरी विस्फोटक सामग्री को खोजकर सुरक्षित तरीके से हटाने की कोशिश की जाएगी। बीजापुर में सुरक्षाबलों का यह अभियान नक्सलवाद (Naxalism) के खिलाफ जारी कार्रवाई का हिस्सा है। 711 BGL सेल की बरामदगी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान आसपास के इलाकों की जांच और संभावित खतरों को खत्म करने पर है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article