दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराज्यीय गाड़ी चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 महंगी कारें भी बरामद की हैं।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि इंटर-स्टेट सेल ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पंजाब से, दूसरा चंडीगढ़ से और तीसरा दिल्ली से पकड़ा गया है।
चोरी की कारें पंजाब तक सप्लाई करता था आरोपी
डीसीपी आदित्य गौतम के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अमनदीप नाम का व्यक्ति दिल्ली से चोरी की गई गाड़ियों को पंजाब में दमणदीप तक पहुंचाता था। इसके बाद ये आरोपी मिलकर चोरी की गाड़ियों को वैध दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे।
फर्जी कागजात बनाकर बेची जाती थीं गाड़ियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अरविंद शर्मा के साथ मिलकर चोरी की गई गाड़ियों के लिए जाली आरसी, नंबर प्लेट और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे, ताकि इन वाहनों को आसानी से बेचा जा सके।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश
क्राइम ब्रांच का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अब तक कितनी गाड़ियां चोरी कर अलग-अलग राज्यों में बेची जा चुकी हैं। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
