दिल्ली में आज का मौसम (10 May 2026): दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों गर्मी जोर पकड़ी हुई है। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हो रही है। साफ मौसम के चलते तेज धूप निकल रही है। जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ ही गर्मी भी बढ़ रही है। आज सुबह भी राजधानी में गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। दिन में तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी सता सकती है। लेकिन जल्द ही मौसम फिर से करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के मौसम पर प्रभाव पड़ सकता है। जिससे एक बार फिर राजधानी में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में दो दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे बाद दिल्ली का मौसम करवट बदलेगा। अगले दो दिन यानी 11 और 12 मई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के भी आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
बारिश से तापमान में कमी
बारिश के चलते तापमान में भी 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। जिससे गर्मी भी राहत मिलने की संभावना है। आज शाम से ही मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। देर रात तक गरज-चमक की संभावना बनती हुई नजर आ रही है। जिसके बाद कल से पूरी तरह मौसम बदल सकता है। दो दिनों तक आंधी-बारिश का दौर रहने के बाद 13 मई को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। जिसके बाद फिर से मौसम सामान्य हो जाएगा। इसके साथ ही गर्मी और तेज धूप की भी वापसी हो जाएगी। 16 मई तक दिन का तापमान फिर से 40 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना है।
