शहर

Delhi NCR Weather: दिल्ली NCR में अब धूप में भी राहत नहीं! 21-22 दिसंबर को घने कोहरे की संभावना, IMD का अलर्ट

Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20 December 2025 नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में जानें आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: दिल्ली एनसीआर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन और रात दोनों समय तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन महसूस की जा रही है, वहीं कोहरे और बादलों ने परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आने वाले दिनों में सर्दी और कोहरे का असर और गहरा सकता है।

Image

दिल्ली NCR का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20 December 2025: दिल्ली–एनसीआर में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। पहले जहां सर्दी का एहसास सिर्फ रात के समय होता था, वहीं अब दिन में भी ठिठुरन बनी रहने लगी है। इसकी मुख्य वजह अधिकतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट है। पिछले तीन से चार दिनों के दौरान दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। कुछ दिन पहले तक अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था, लेकिन आज यह घटकर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिल्ली–एनसीआर में अब कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो चुकी है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली–एनसीआर में दिन के समय धूप धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही है और आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। बादलों की मौजूदगी के कारण ठंड का असर और बढ़ता हुआ महसूस हो रहा है। हवाओं की बात करें तो पिछले 24 घंटों में इनकी गति करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि आज हवा लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। वहीं 21 और 22 दिसंबर को दिल्ली एनसीआर के लिए मौसम चुनौतीपूर्ण रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन दोनों दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है, जो घने कोहरे की आशंका को लेकर है।

कोहरे को लेकर सावधानी

दिल्ली–एनसीआर के कई इलाकों में बादलों के साथ-साथ घने कोहरे का असर अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिल सकता है। ऐसे हालात में लोगों को ज्यादा सावधानी और सतर्कता बरतने की जरूरत है, क्योंकि तापमान में गिरावट का सिलसिला अभी जारी रहने की संभावना है। क्षेत्र में कोहरे की तीव्रता लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली एनसीआर के कई हिस्सों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे आवागमन पर असर पड़ा है।

दिल्ली में बादल छाए रहने की आशंका

स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत के अनुसार, पहाड़ी इलाकों की ओर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बढ़ रहा है। इसके असर से 20 से 22 दिसंबर के बीच पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है, हालांकि उत्तराखंड में हिमपात हल्का ही रह सकता है। इस दौरान पंजाब के साथ-साथ उत्तरी हरियाणा और राजस्थान के एक-दो जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरे का असर फिलहाल बना रहने की उम्मीद है। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं उत्तर-पूर्वी मानसून कमजोर रहेगा, जिसके चलते दक्षिण भारत में मौसम ज्यादातर साफ बना रहने का अनुमान है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article