शहर

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में मौसम ने फिर बदली करवट, तेज धूप के बीच अचानक शुरू हुई बारिश; जानें कब तक बरसेंगे मेघ

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की बारिश के बाद गुरुवार को मौसम ने फिर करवट ली है। तेज धूप के बीच अचानक काले बादल छाने से कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है, वहीं आने वाले घंटों में कुछ हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

Image

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज (AI फोटो)

Delhi-NCR Weather: बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे उमस से राहत जरूर मिली लेकिन कई इलाकों में जलभराव देखा गया। वहीं, राखी की खरीदारी करने निकले लोगों को ट्रैफिक जाम ने भी परेशान किया। इसी कड़ी में आज यानी गुरुवार को दिल्ली और नोएडा में तेज धूप के बीच अचानक काले बादलों ने आसमान को घेर लिया और बरसना शुरू कर दिया।

क्या है लेटेस्ट वेदर अपडेट?

बारिश को लेकर एक ताजा अपडेट जारी करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि, उत्तर प्रदेश की ओर से तेजी से बढ़ रहा गरज-चमक वाला बादलों का सिस्टम पूर्वी एनसीआर की तरफ बढ़ रहा है। इसके चलते दोपहर 3 से 4 बजे के बीच गाजियाबाद के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

शाम 6 बजे तक कहीं-कहीं छिटपुट बारिश की संभावना

इसी समय नोएडा और पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम की गतिविधियों पर नजर रखने वाले संकेतों के मुताबिक, बारिश वाले बादल दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों, गुरुग्राम और फरीदाबाद को छोड़कर आगे बढ़ सकते हैं। हालांकि, शाम 4 से 6 बजे के बीच ऊपर बनने वाले स्थानीय बादलों के कारण इन इलाकों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। फिलहाल नोएडा में बारिश हो रही है।

दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली में कल आसमान बादलों से ढका रहेगा। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली के साथ एक-दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ एक स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इसके बाद दोपहर से शाम के बीच एक बार फिर हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य के आसपास रहेंगे। हवा की दिशा सुबह के समय उत्तर-पश्चिमी रहने की संभावना है और इसकी रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दोपहर में हवा की गति घटकर लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे रह जाएगी। शाम और रात के दौरान पश्चिम दिशा से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article