शहर

Delhi Weather: मानसून आने के बाद भी क्यों थमी है बारिश, IMD का अलर्ट जा रहा खाली; जानें आज कैसा रहेगा हाल

Delhi Weather Updates: दिल्ली में मानसून की दस्तक के बाद अब झमाझम बारिश का इंतजार हो रहा है। मौसम विभाग ने पूरी दिल्ली के लिए तात्कालिक 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जानें क्यों नहीं आ रही बारिश।

Image

दिल्ली में मानसूनी बारिश फीकी पड़ी

Photo : PTI

Delhi Weather Updates: दिल्ली में 2 जुलाई को मानसून के अधिकारिक तौर पर पहुंचने के बाद भी दिल्लीवासियों को जिस झमाझम और मूसलाधार बारिश का इंतजार था, वह अभी बाकी है। शनिवार को राजधानी के कुछ चुनिंदा हिस्सों में सिर्फ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली, जिससे पिछले दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई। हालांकि, मानसून की शुरुआत भले ही धीमी और हल्की रही हो, लेकिन मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों को निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यह दौर रुक-रुक कर चलता रहेगा।

दिल्ली में क्यों नहीं आ रही बारिश

दिल्ली में मानसून आने के बाद भी तेज बारिश न होने और मौसम के शुष्क बने रहने के पीछे मुख्य कारण मध्य भारत (ओडिशा और मध्य प्रदेश) में बने कम दबाव वाले मौसम सिस्टम हैं। इन सिस्टम ने मानसूनी ट्रफ (Monsoon Trough) को उत्तर भारत से खींचकर दक्षिण और मध्य भारत की ओर मोड़ दिया है, जिससे दिल्ली में नमी और बादलों की भारी कमी हो गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में 10 जुलाई तक (यानी अगले छह दिनों तक) आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार बनी रहेगी। जिससे हीटवेव से राहत भर की तो उम्मीद की ही जा सकती है।

कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?

अगर बात आज की करें, तो दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटा रह सकती है और बादलों की आवाजाही दिनभर बनी रहेगी।

पूरी दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी, दोपहर के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने आज के लिए दिल्ली में कोई अलर्ट तो जारी नहीं किया है, लेकिन पूरी दिल्ली को तात्त्कालिक चेतावनी के तहत 'येलो अलर्ट'पर रखा गया है। इसका मतलब है कि लोगों को बदलते मौसम के प्रति सचेत रहना चाहिए। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दोपहर 1:30 बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की गरज-चमक के साथ अचानक तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई थी, जिसके बाद कुछ इलाकों में हल्की-फुल्की बारिश हुई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article