Delhi NCR Rain Alert: राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में कुदरत का मिजाज अचानक बदल गया है। चिलचिलाती धूप की जगह अब काली घटाओं और धूल भरी आंधी ने ले ली है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक जा सकने वाली आंधी और बारिश के कारण दिल्ली-NCR के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आने की संभावना है।
शाम 6:30 बजे तक बदला रह सकता है मौसम
मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, दिल्ली और आसपास के शहरों में शाम 4:00 से 6:30 बजे के बीच मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रह सकता है। इस दौरान 30 से 60 किमी (कुछ इलाकों में 70 किमी तक) प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है, साथ ही ओले भी गिर सकते हैं।
दिल्ली में कहां आया अलर्ट
IMD ने बदले मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। वेस्ट दिल्ली, साउथ-वेस्ट, नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, शाहदरा, साउथ-ईस्ट, ईस्ट और साउथ दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि नॉर्थ-वेस्ट और नॉर्थ दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मध्यम दर्जे के तूफान, (हवा की गति 40-60 किमी/घंटा) और सतही हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की बहुत अधिक संभावना है।
तापमान में होगी गिरावट
इस आंधी और बारिश का सबसे बड़ा असर तापमान पर देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि वर्तमान स्तर से पारा 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है, जिससे शाम होते-होते दिल्ली-NCR में हल्की ठंडक का अहसास होने लगेगा। मार्च का महीना खत्म होने को है, लेकिन बार-बार सक्रिय हो रहे 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) ने इस साल गर्मी को पैर पसारने का मौका नहीं दिया है।
इन इलाकों में अधिक रहेगा प्रभाव
IMD के मुताबिक, बवाना, मुंडका, नजफगढ़, द्वारका, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक देखने को मिलेंगी। वहीं, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी तेज धूल भरी आंधी के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई अन्य हिस्सों में भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
