Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में काले बादलों का डेरा है। पिछले कई घंटों से बदल रहे मौसम ने अचानक बुधवार की शाम करवट ली। दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत कई इलाकों में तेज आंधी और मेघ गर्जन के साथ बारिश और कहीं-कहीं छोटे साइज के ओले देखे गए। मौसम विभाग ने अगले कई घंटों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने और ओले गिरने का खतरा जताया गया है। देर शाम मौसम बदलने से ऑफिस से लौट रहे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों यानी 19, 20 और 21 मार्च को एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से न सिर्फ मौसम और भी सुहावना हो जाएगा, बल्कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी और सुधार देखने को मिलेगा।
दिल्ली में कल का मौसम
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने बुधवार को अचानक करवट ले ली, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। शाम के बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके बाद कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। धूल भरी आंधी का सबसे ज्यादा असर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख सड़कों पर देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के कारण उड़ती धूल ने विजिबिलिटी (दृश्यता) को काफी कम कर दिया। स्थानीय मौसम रिपोर्ट और पूर्वानुमान 18 मार्च को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है। हालांकि, 19 मार्च से मौसम पूरी तरह करवट लेगा। 19 और 20 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इन दोनों दिनों अधिकतम तापमान क्रमश: 29 और 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 16 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 21 मार्च को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 और 23 मार्च को फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मुख्य रूप से साफ आसमान के आसार हैं।
मौसम विभाग ने अगले सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। एक्यूआई में जबरदस्त सुधार, फिर और गिरावट के आसार बारिश की संभावना के बीच एनसीआर के विभिन्न शहरों में एक्यूआई में भी सुधार दर्ज किया गया है। शाम 4 बजे जारी अपडेट के अनुसार, नोएडा के चार सक्रिय स्टेशनों में से सेक्टर-62 में एक्यूआई 201 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी के निचले स्तर पर है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 226, सेक्टर-116 में 219 और सेक्टर-1 में सबसे अधिक 260 दर्ज किए गए।
दिल्ली एयरपोर्ट से 22 फ्लाइट डायवर्ट
दिल्ली में मौसम की खराब स्थिति के कारण बुधवार शाम को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर कम से कम 22 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। अधिकारी ने बताया कि आईजीआईए की 22 आगमन उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर परिवर्तित किया गया।
वहीं, गाजियाबाद में भी हवा की सेहत में सुधार देखा गया। इंदिरापुरम में एक्यूआई 239, वसुंधरा में 246 और सबसे अधिक लोनी में 284 दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी एक्यूआई में गिरावट आई है। आनंद विहार में एक्यूआई 262, अशोक विहार में 228, बवाना में 230, चांदनी चौक में 287 और आरके पुरम में 221 दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी बारिश के बाद इन आंकड़ों में और सुधार होने की संभावना है, जिससे लोगों को प्रदूषण से काफी राहत मिल सकती है।
