Delhi Waterlogging: दिल्ली और एनसीआर में आज तड़के से ही बारिश का सिलसिला रुक-रुककर जारी है। जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से भी राहत महसूस हो रही है।लेकिन कुछ घंटों की बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें प्रभावित हुईं और प्रमुख रास्तों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इसका सबसे ज्यादा असर ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों पर पड़ा, जिन्हें घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
कई इलाकों में जलभराव
दिल्ली में बारिश के बाद सैनिक फार्म, गीता कॉलोनी, रोहतक रोड समेत कई जगहों पर पानी भर गया। द्वारका सेक्टर-13 में इस्कॉन मंदिर के पास भी भारी जलभराव देखने को मिला। जलभराव के कारण सड़कों के गड्ढे भी नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में कोई हादसा होने की आंशका भी बढ़ जाती है। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार-देवली विधानसभा क्षेत्र की सनी बाजार रोड पर जलभराव देखने को मिला। यहां सड़क पर इतना ज्यादा पानी भर गया कि दुकानों में भी पानी घुसने लगा, जिसके चलते दुकानदारों को समय से पहले शटर गिराने पड़े। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सनी बाजार रोड पर हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है। उनका आरोप है कि हल्की बारिश में भी सड़क जलमग्न हो जाती है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जलभराव के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी बुहत प्रभावित हो रही है। कई वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सड़क पर भरे पानी में छोटे-छोटे बच्चे तैरते हुए नजर आए, जिसने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
नोएडा और गुरुग्राम जाम से बेहाल
दिल्ली से सटे नोएडा में भी ट्रैफिक की समस्या देखने को मिली। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन नजर आई। वहीं दिल्ली के सफदरजंग इलाके में भी वाहन रेंगते नजर आए। दूसरी ओर, गुरुग्राम के बसई झज्जर रोड समेत कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
दिल्ली में कई इलाकों में अच्छी बारिश
दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश की राह देख रहे हैं। लेकिन मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण सिर्फ छिटपुट बारिश ही हो रही थी। इसके अलावा हवा में नमी भी काफी अधिक मात्रा में बनी हुई थी, जिससे उमस भी बहुत ज्यादा महसूस हो रही थी। लेकिन देर रात से ही राजधानी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे के बीच दिल्ली के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। आज दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
बारिश का रिकॉर्ड-
- महरौली – 28.0 मिमी
- छतरपुर – 27.0 मिमी
- प्रगति मैदान – 18.3 मिमी
- पूसा – 16.0 मिमी
- नारायणा – 8.0 मिमी
- जनकपुरी – 6.0 मिमी
- आगे भी बारिश के आसार
दिल्ली में कब तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान रुक-रुक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रह सकती है। ऐसें में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
