शहर

Delhi Pollution: नए साल के पहले दिन ही जहरीली हवा, स्मॉग के साथ हुई 2026 की शुरुआत; AQI 400 पार

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर में नए साल के पहले दिन भी जहरीली हवा से राहत नहीं मिली है। आज सुबह भी राजधानी क्षेत्र में एयर क्वालिटी बेहद खराब से गंभीर स्तर के बीच दर्ज की गई। दिल्ली में सबसे प्रदूषित हवा वजीरपुर और आनंद विहार में दर्ज की गई।

Image

दिल्ली में प्रदूषण की फाइल फोटो (PTI)

Photo : PTI

Delhi-NCR Pollution: नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के लोगों को वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिल पाई है। साल के पहले ही दिन राजधानी क्षेत्र का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के लगभग सभी इलाकों में एक्यूआई 300 से 420 के बीच रिकॉर्ड किया गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है।

वजीरपुर और आनंद विहार में सबसे प्रदूषित हवा

दिल्ली के प्रमुख इलाकों की बात करें तो आनंद विहार में एक्यूआई 418, रोहिणी में 413, वजीरपुर में 414, सोनिया विहार में 421, विवेक विहार में 404 और डीटीयू में 391 दर्ज किया गया। वहीं अशोक विहार में एक्यूआई 392, चांदनी चौक में 377, बवाना में 370, आर.के. पुरम में 381, शादिपुर में 382 और सिरीफोर्ट में 384 रहा। अलीपुर में एक्यूआई 328 और आया नगर में 327 रिकॉर्ड किया गया, जबकि सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में एक्यूआई 310 दर्ज हुआ। पंजाबी बाग में एक्यूआई 391 और पूसा में 366 रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी का शायद ही कोई इलाका ऐसा रहा हो जहां हवा सांस लेने लायक हो।

नोएडा-गाजियाबाद में भी हवा जहरीली

दिल्ली से सटे एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 401, वसुंधरा में 399, जबकि इंदिरापुरम में 274 और संजय नगर में 279 दर्ज किया गया। नोएडा के सेक्टर-1 में एक्यूआई 393, सेक्टर-125 में 354, सेक्टर-62 में 348 और सेक्टर-116 में 363 रिकॉर्ड किया गया। इन आंकड़ों के अनुसार एनसीआर का बड़ा हिस्सा गंभीर से बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह व दोपहर के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। तापमान अधिकतम 15 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश से प्रदूषण के स्तर में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जरूर है।हालांकि मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि 2 और 3 जनवरी को सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। 2 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 10 डिग्री, जबकि 3 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक गिर सकता है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article