शहर

Delhi Pollution: फिर गैस चेंबर बनी दिल्ली, आनंद विहार में 500 के करीब AQI; ग्रेप-4 लागू

दिल्लीवासी एक बार फिर दम घोंटू हवा में सांस लेने को मजबूर हो गए हैं। राजधानी में एक्यूआई फिर से 450 को पार कर गया है। सबसे खराब हवा आनंद विहार में दर्ज की गई। जहां का एक्यूआई 491 दर्ज किया गया। आज सुबह दिल्ली के अधिकतर इलाके घने कोहरे और स्मॉग की मोटी चादर में लिपटे नजर आए। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली में एक बार फिर ग्रेप-4 के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।

Image

दिल्ली में घने कोहरे और स्मॉग की चादर (ANI)

Delhi-NCR Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर एक बार फिर गैस चेंबर बन गई है। हवा की क्वालिटी फिर से गंभीर स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी में रविवार सुबह चारों तरफ घना कोहरा और जहरीली धुंध छाई रही। हवा की गुणवत्ता इतनी खराब हो गई कि कई इलाकों में एक्यूआई 450 से ज्यादा पहुंच गया। पूरी दिल्ली जहरीले स्मॉग की मोटी चादर से ढकी रही। इस दौरान तापमान में तेजी से गिरावट के कारण स्थिति और खराब हो गई, जिसके बाद मौसम विभाग ने शहर के कई हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एक बार फिर ग्रेप-4 के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।

दिल्ली के सबसे प्रदूषित इलाके

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के अनुसार रविवार सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 440 दर्ज किया गया, जिसे गंभीर श्रेणी में माना जाता है। इस दौरान सभी इलाके रेड जोन में रहे। अधिकतर मॉनिटर केंद्रों पर 450 के पार एक्यूआई दर्ज किया गया। जिससे वे 'गंभीर प्लस' कैटेगरी में आ गए। वजीरपुर, सोनिया विहार, रोहिणी, आरके पुरम, पंजाबी बाग, पटपड़गंज, नॉर्थ कैंपस, नेहरू नगर, मुंडका, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, द्वारका सेक्टर 8, चांदनी चौक, बुराड़ी क्रॉसिंग, बवाना, अशोक विहार और आनंद विहार जैसे इलाकों में हवा की क्वालिटी बहुत खतरनाक लेवल पर रिकॉर्ड की गई। दिल्ली में आज सुबह सबसे खराब हवा आनंद विहार में रही। जहां का एक्यूआई 491 दर्ज किया गया।

गाजियाबाद में 450 से अधिक AQI

दिल्ली से सटे शहरों में भी हवा दम घोंटू बनी हुई है। नोएडा में आज सुबह 426 एक्यूआई दर्ज किया गया, जिसे गंभीर श्रेणी में माना जाता है। वहीं ग्रेटर नोएडा में 391 एक्यूआई रहा। गाजियाबाद में 450 से अधिक एयर क्वालिटी पहुंच गई। यहां 457 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। वहीं गुरुग्राम में बेहद खराब स्तर पर हवा की गुणवत्ता रही। यहां का एक्यूआई 390 अंक पर दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 257 अंक पर एक्यूआई रहा। जिसे खराब स्तर पर माना जाता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article