Delhi Murder News: दिल्ली से फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शुक्रवार देर रात वेलकम इलाके में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर करीब 7 राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान 24 वर्षीय फैजान उर्फ फज्जी के तौर पर हुई है।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
यह वारदात वेलकम इलाके में मिस्टर किंग लॉज कैफे के बाहर हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी हत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। फिलहाल दिल्ली पुलिस और फॉरेसिंक टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए कैफे में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां ने न्यूज एजेंसी IANS से बताया, "मुझे पूरी जानकारी नहीं है। मेरे बेटे ने आरोपी को कुछ पैसे उधार दिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी उसे गाली देने लगा। मुझे बस इतना पता है कि वह व्यक्ति कई बार आक्रामक व्यवहार करता था।" वहीं, मृतक के भाई सलमान ने घटना को लेकर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "पहले मेरे भाई के सिर पर चोट लगी और फिर उसके सीने में दो गोलियां मारी गईं। करीब 5 से 6 महीने पहले मेरे भाई ने आरोपी को कुछ पैसे दिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो वह पैसे लौटाने के बजाय हमारे घर आकर हमें धमकाने लगा और मुझे भी जान से मारने की धमकी दी।"
न्याय की मांग कर रहा परिवार
परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर रूप ले लेगा। परिवार अब न्याय की मांग कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
(इनपुट - IANS)
