शहर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खौफनाक हादसा, चलती कार में आग लगने से 5 जिंदा जले; वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार

अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक कार में अचानक आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और अंदर बैठे पांच लोगों की जलने से मौत हो गई।

Image

अलवर में भीषण हादसा

Photo : Times Now Digital

Alwar Car Accident: अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में एक चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं कार का ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि कार चालक वैष्णो देवी से दर्शन करके वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दिल्ली से कोटा की ओर जाते समय हादसा

पुलिस के अनुसार यह हादसा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर रात करीब एक बजे मौजपुर के समीप पिलर नम्बर 115/300 के पास हुआ। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी। तभी अचानक उसमें आग लग गई और चंद मिनटों में आग ने पूरी कार अपनी चपेट में ले लिया। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि कार सवार लोगों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। जिसमें कार सवार एमपी के श्योपुर निवासी तीन महिला, एक बच्ची और एक पुरुष की जिंदा जलने से मौत हो गई। वही कार चालक श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह कार से कूद कर अपनी जान बचाई। हालांकि फिर भी वह आग में 80 प्रतिशत तक झुलसने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

पूरी तरह जलकर कबाड़ बनी कार

कार को आग की लपटों में घिरा देख राहगीरों ने दमकल और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंचे। हादसें की सूचना पाकर गश्त कर रही लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने का जाप्ता और एसएचओ नेकीराम भी मौके पर पहुंचे। वहीं दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले आग को काबू किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे की सूचना पर कुछ ही देर में ही डीएसपी कैलाश जिंदल भी मौके पर पहुंचे और मामलें की जानकारी ली।

अज्ञात कारणों से कार में लगी आग

पुलिस ने हादसें में घायल हुए कार चालक को एंबुलेंस के जरिए पिनान के सीएचसी में इलाज के लिए भिजवाया। जहां उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे अलवर रैफर कर दिया। कार चालक अलवर के अस्पताल में इलाज जारी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसें की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने का कारण सामने नहीं आया है और हादसें में जान गंवाने वालों की भी अभी पहचान नहीं हुई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article