शहर

Delhi Monsoon: दिल्ली में मानसून की उल्टी गिनती शुरू, जानें किस दिन होगी एंट्री?

केरल में मानसून की एंट्री 4 जून को हो चुकी है। जिसके बाद दिल्लीवासी बेसब्री से इसके आगमन का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिल सके। आइए जानते हैं कि दिल्ली में मानसून कब तक दस्तक देगा।

Image

दिल्ली में मानसून की एंट्री कब होगी?

Monsoon in Delhi: भारत के दक्षिणी हिस्सों में मानसून की रफ्तार बढ़ने के साथ ही अब देश की राजधानी में भी मानसून के आगमन को लेकर उम्मीदें तेज हो गई हैं। दिल्ली के लोग भी बेसब्री से मानसून की राह देख रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मानसून पहुंचने की सामान्य तारीख 27 जून मानी जाती है। मौजूदा मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए इस बार भी मानसून के 25 से 30 जून के बीच दिल्ली में दस्तक देने की संभावना है।

उत्तर भारत में कब तक पहुंचता है मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, केरल में मानसून की एंट्री के बाद इसके उत्तर भारत तक पहुंचने में आमतौर पर तीन से चार सप्ताह का समय लगता है। भले ही केरल में यह सामान्य समय से तीन दिन देरी से पहुंचा हो, लेकिन फिलहाल मानसून की प्रगति सामान्य बनी हुई है। हालांकि इसकी गति मध्य भारत में बारिश की स्थिति और हवाओं के रुख पर निर्भर करेगी। अगर परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं दिल्लीवासियों को जून के अंतिम सप्ताह में मानसून की पहली बारिश देखने को मिल सकती है।

दिल्ली में गर्मी का प्रकोप जारी

फिलहाल दिल्ली में लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। इन दिनों यहां तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राजधानी में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इस दौरान लोगों को उमस और तपिश का सामना करना पड़ेगा।

दिल्लीवासियों को जल्द मिलेगी गर्मी से राहत

हालांकि राहत की खबर यह है कि दो दिन एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। जिसके कारण धूलभरी तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

भारत के 12 राज्यों में पहुंचा मानसून

केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून है। लेकिन इस बार यह 3 दिन बाद 4 जून को पहुंचा। इस देरी के बावजूद मानसून ने तेजी पकड़ते हुए सिर्फ चार दिनों में 12 राज्यों को कवर कर लिया। रविवार को इसकी एंट्री त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में हो गई। इससे पहले यह आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम और मणिपुर में दस्तक दे चुका था। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में मानसून बिना किसी बड़ी रुकावट के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article