शहर

दिल्ली को मिलेगी पहली रिंग मेट्रो, 3 नए विस्तारित कॉरिडोर का होगा उद्घाटन; नोएडा-फरीदाबाद की होगी मौज

दिल्ली मेट्रो की नई लाइनों मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) का उद्घाटन कर जनता को सौंप दिया जाएगा। इस उद्घाटन से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिलेगी। पीएम मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम के कारण रविवार को 7 की जगह सुबह 6 बजे से ही संबंधित मेट्रो कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी गईं।

Image

दिल्ली मेट्रो के विस्तारित रूट के उद्घाटन के कारण संडे को चलेंगी 6 बजे चलेगी मेट्रो

दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी) ने शनिवार को घोषणा की कि दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण के कॉरिडोर पर ट्रेन सेवाएं 8 मार्च को सामान्य समय से एक घंटा पहले यानी सुबह 7 बजे के बजाय सुबह 6 बजे से शुरू की गईं। डीएमआरसी ने ’एक्स’ पर पोस्ट किया कि लाइन 7 (पिंक लाइन) मजलिस पार्क से शिव विहार तक, लाइन 8 (मैजेंटा लाइन) बॉटनिकल गार्डन से जनकपुरी वेस्ट तक और लाइन 9 (ग्रे लाइन) द्वारका से ढांसा बस स्टैंड तक सेवाएं जल्दी शुरू हुईं। डीएमआरसी ने कहा कि यह समय में परिवर्तन 8 मार्च से प्रभावी रहा। सेवाओं की यह जल्दी शुरुआत ऐसे दिन हुई जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली मेट्रो के दो नये कॉरिडोर का उद्घाटन करने वाले हैं। रविवार को दिल्ली के मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) का 8 मार्च को उद्घाटन कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

पिंक लाइन के विस्तारित कॉरिडोर का होगा उद्घाटन

मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन की लंबाई 12.3 किलोमीटर है और इसमें 8 एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है। इस सेक्शन के जुड़ने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ मिलेगी। इस कॉरिडोर पर मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर स्टेशन होंगे।

मैजेंटा लाइन कॉरिडोर का विस्तारित रूट खुलेगा

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का हिस्सा है, जिसकी लंबाई 9.92 किलोमीटर है और इसमें 7 एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित बोटैनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार है। इसके जुड़ने से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस सेक्शन पर दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशन होंगे।

दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो दिल्ली मेट्रो के एलिवेटेड सेक्शनों में सबसे ऊंचे हिस्सों में से एक है। वहीं मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के निर्माण में यमुना नदी पर एक नए पुल का निर्माण करना पड़ा और डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर को एक साथ समाहित किया गया है। यह दिल्ली मेट्रो का यमुना नदी पर पांचवां पुल है।

फेज-V (ए) के तहत तीन कॉरिडोर का होगा शिलान्यास

प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के फेज-V (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का भी शिलान्यास करेंगे, जिससे दिल्लीवासियों की यात्रा और अधिक सुगम होगी। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं।

रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की लंबाई 9.913 किलोमीटर होगी और यह भूमिगत बनाया जाएगा। इसमें नौ नए स्टेशन होंगे जिनमें आर. के. आश्रम मार्ग (निर्माणाधीन), शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर कर्तव्य भवनों, भारत मंडपम और युगे-युगेन भारत संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थलों को मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

एरोसिटी से आईजीडी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार की लंबाई 2.263 किलोमीटर होगी और यह भूमिगत बनाया जाएगा। इसमें एक नया स्टेशन होगा और दोनों पहले से संचालित स्टेशनों को आपस में जोड़ा जाएगा। तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार की लंबाई 3.9 किलोमीटर होगी और यह एलिवेटेड कॉरिडोर होगा। इसमें सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन शामिल होंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article