देश

शारदीय नवरात्रि का दूसरा दिन: CM योगी ने दीं शुभकामनाएं, 'मां ब्रह्मचारिणी' की पूजा के साथ बेटियों की सुरक्षा का लिया संकल्प

CM Yogi Adityanath Navratri Greetings: शारदीय नवरात्रि 2026 के दूसरे दिन CM योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मां ब्रह्मचारिणी की आराधना करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

Image

शारदीय नवरात्रि का दूसरा दिन: CM योगी ने दीं शुभकामनाएं, 'मां ब्रह्मचारिणी' की पूजा के साथ बेटियों की सुरक्षा का लिया संकल्प

Sharadiya Navratri 2026 Day 2 Maa Brahmacharini: शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। नवरात्रि के दूसरे दिन जगज्जननी माँ भगवती के द्वितीय स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां ब्रह्मचारिणी को नमन करते हुए समाज में धैर्य, सदाचार, महिला सुरक्षा, बालिका शिक्षा और नारी सशक्तिकरण का संकल्प लेने का आह्वान किया है।

सीएम योगी ने अपने पहले X पोस्ट में लिखा, 'दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलू। देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा।। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जगज्जननी माँ भगवती के द्वितीय स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी को कोटि-कोटि नमन। तप, त्याग और संयम की अधिष्ठात्री माँ की कृपा से सभी के जीवन में धैर्य एवं सदाचार का संचार हो, यही प्रार्थना है। जय माँ ब्रह्मचारिणी।'

इसके बाद एक और पोस्ट में योगी ने लिखा, 'मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, महिषासुरमर्दिनी की विजय और शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्र पर आप सभी को हृदय से मंगलकामनाएं। अहंकार, दुराग्रह, आसक्ति और बढ़ती नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विनम्रता, साहस, शक्ति, संकल्प, न्याय और धर्म की विजय का भाव ही मां के नौ स्वरूपों में निहित है। आज भी जब समाज ऐसी प्रवृत्तियों से संघर्ष करता है, तब नवरात्र हमें स्मरण कराता है कि सज्जनता तभी प्रभावी होती है, जब उसमें शक्ति और संकल्प का सामर्थ्य हो।'

उन्होंने आगे कहा, 'उत्तर प्रदेश आज आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का सशक्त केंद्र बन रहा है। इसी चेतना को सार्थक बनाने के लिए बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर दिए जा रहे हैं। आइए, नवरात्र के इस पावन अवसर पर उपासना एवं उपवास के साथ एक संकल्प यह भी लें कि किसी बहन की सुरक्षा के लिए उसकी आवाज बनेंगे, किसी बालिका की शिक्षा में सहयोग करेंगे और किसी महिला के आत्मनिर्भर बनने की राह में उसका संबल बनेंगे।'

मां ब्रह्मचारिणी संयम और अनुशासन का प्रतीक हैं- नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस पावन अवसर पर बधाई देते हुए कहा, 'आज नवरात्रि का दूसरा दिन है, जो माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा और भक्ति का विशेष दिन है। माँ ब्रह्मचारिणी संयम, अनुशासन और तपस्या का प्रतीक हैं। देवी माँ सभी को धैर्य और शक्ति प्रदान करें।'

शारदीय नवरात्रि 2026 का दूसरा दिन सोमवार, 12 अक्टूबर को है और यह दिन देवी दुर्गा के दूसरे स्वरूप, मां ब्रह्मचारिणी को समर्पित है।

पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा करने के बाद, भक्त धैर्य, ज्ञान, आत्म-अनुशासन और आध्यात्मिक विकास के लिए मां ब्रह्मचारिणी का आशीर्वाद मांगते हैं। यह दिन भक्ति और दृढ़ता से जुड़ा है और लोगों को याद दिलाता है कि दृढ़ संकल्प और आस्था चुनौतियों से पार पाने में मदद कर सकते हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article