Delhi Metro News: पूर्वी दिल्ली के उन इलाकों के लिए एक शानदार खबर है जो अब तक मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा और बसों पर निर्भर थे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने फेज-5B प्रोजेक्ट के तहत एक नए कॉरिडोर का खाका तैयार कर लिया है। यह नया रूट न केवल सफर का समय कम करेगा, बल्कि पूर्वी दिल्ली की घनी आबादी को सीधे मेट्रो नेटवर्क के मुख्य कॉरिडोर से जोड़ देगा।
मयूर विहार से शास्त्री पार्क
दिल्ली मेट्रो ने मयूर विहार फेज-3 से शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन तक 13.19 किलोमीटर लंबे एक नए कॉरिडोर की योजना बनाई है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और मंजूरी के लिए दिल्ली सरकार व केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। इस रूट के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली के लोगों को 'वेलकम' स्टेशन तक जाने का लंबा चक्कर नहीं काटना होगा, जिससे कश्मीरी गेट तक की दूरी और समय दोनों में भारी बचत होगी।
गांधी नगर और गीता कॉलोनी के लिए 'डायरेक्ट' एंट्री
इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा उन इलाकों को मिलेगा जहां मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। गांधी नगर, गीता कॉलोनी और मदर डेयरी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अब तक कोई सीधा स्टेशन नहीं था। नए कॉरिडोर के बनने से इन इलाकों के निवासी सीधे मेट्रो पकड़ सकेंगे। उन्हें अब लक्ष्मी नगर या कृष्णा नगर स्टेशन तक जाने के लिए ऑटो या ई-रिक्शा के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा।
तीन बड़ी लाइनों पर बनेंगे 3 नए इंटरचेंज
फेज-5B का यह कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो की तीन सबसे व्यस्त लाइनों, पिंक, ब्लू और रेड लाइन को आपस में जोड़ देगा। इसके तहत तीन नए इंटरचेंज स्टेशन बनाने की योजना है। मयूर विहार फेज-3, निर्माण विहार और शास्त्री पार्क जंक्शन के रूप में विकसित होंगे। इससे यात्रियों को लाइन बदलने में आसानी होगी और दिल्ली के किसी भी कोने में पहुंचना पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।
क्या है DMRC का विजन 500
DMRC 'ग्लोबल स्टैंडर्ड' पर काम कर रही है, जिसका लक्ष्य है कि दिल्ली-NCR के हर नागरिक को उसके घर के 400 से 500 मीटर के दायरे में मेट्रो स्टेशन मिल जाए। फेज-5 के तहत कुल 18 नए कॉरिडोर बनाने का बड़ा प्लान है। पहले चरण के तीन कॉरिडोर को हरी झंडी मिल चुकी है, और अब दूसरे चरण के विस्तार पर तेजी से काम चल रहा है ताकि सड़कों से हजारों गाड़ियों का बोझ कम किया जा सके।
