Delhi Kanwar Yatra: दिल्ली में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। राजधानी में कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए करीब 400 कांवड़ शिविर लगाने की अनुमति दी गई है। इन शिविरों में कांवड़ियों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस का अनुमान है कि इस बार 50 लाख से अधिक कांवड़िए दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर सकते हैं, ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
7 अगस्त के बाद से हो सकता है ट्रैफिक डायवर्जन लागू
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त के बाद राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर उन मार्गों पर देखने को मिल सकता है, जो उत्तर प्रदेश की सीमाओं से जुड़े हुए हैं। कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने के साथ इन रास्तों पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर हासिल करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
8, 9 और 10 अगस्त ट्रैफिक के लिहाज काफी भारी दिन
8, 9 और 10 अगस्त को यातायात के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण दिन माना जा रहा है। इन तीन दिनों में कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते दिल्ली-यूपी बॉर्डर से जुड़े कई इलाकों में भारी ट्रैफिक देखने को मिल सकता है। प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और अन्य ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की भी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बॉर्डर के आसपास बनाए जाने वाले कांवड़ शिविरों में दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की भी तैनाती की जाएगी। संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस को यह भी इनपुट मिल रहे हैं कि कुछ उपद्रवी तत्व कांवड़ियों के भेष में भीड़ का हिस्सा बनने की कोशिश कर सकते हैं।हर एक चीज पर होगी नजर
ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था तैयार की जा रही है। उनकी पहचान करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी कैमरों, स्थानीय स्तर पर निगरानी और खुफिया इनपुट के जरिए भी स्थिति पर नजर रखेगी। कुल मिलाकर, दिल्ली में कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों मोर्चों पर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद राजधानी में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
