शहर

दिल्ली का मौसम (5 April 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में मौसम का 'कूल मोड', धूप-बारिश का खेल लगातार जारी, 7 अप्रैल से बरसात का नया दौर शुरू

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 5 April 2026: दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही के चलते मौसम फिलहाल सुहावना बना हुआ है। 7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते आने वाले दिनों में भी आंधी-बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा।

Image

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में आज का मौसम (5 April 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में लगातार मौसम करवट बदल रहा है, कभी यहां बारिश हो रही है, कभी बादल मंडरा रहे हैं तो कभी तेज धूप निकल रही है। मौसम के साथ ही तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। हालांकि फिलहाल यहां गर्मी से राहत बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में छिटपुट बारिश भी दर्ज की गई। दिल्ली-NCR में आज भी बारिश होगी या नहीं आइए जानते हैं।

दिल्ली में 5 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आज बादल छाए रहने वाले हैं। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। लेकिन बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। राजधानी में 6 अप्रैल को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन बारिश के आसार नहीं है। बादलों की आवाजाही के चलते दिन में धूप भी निकल सकती है, लेकिन इसका प्रभाव कम ही रहेगा। कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली 7 अप्रैल को बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसके कारण दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना है। 7 अप्रैल को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के करीब दर्ज किया जा सकता है। 8 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। जिसके बाद 10 अप्रैल तक राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। जिससे तापमान दिन का पारा 30 से 33 डिग्री और रात का तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

दिल्ली में कहां-कितनी हुई बारिश

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन सिर्फ कुछ ही स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में सफदरजंग में 0.5 मिमी, पालम में 1.9 मिमी, लोधी रोड में 0.3 मिमी, रिज क्षेत्र में 1.9 मिमी, आयानगर में 5.8 मिमी और पूसा में 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!