शहर

दिल्ली का मौसम (31 March 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में बारिश के बाद फिर सुहावना मौसम, आज भी पड़ेंगी फुहारें; जानें अप्रैल में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31 March 2026: दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे के दौरान आंधी-बारिश के चलते मौसम एक बार फिर सुहावना हो गया है। आज भी राजधानी में बारिश का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।

Image

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज का मौसम (31 March 2026): दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले। दोपहर तक जहां तेज धूप ने लोगों को गर्मी का एहसास कराया। वहीं दोपहर ढलने के साथ ही मौसम ने अचानक करवट बदल ली। आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और तेज हवाएं चलने लगीं, जो बाद में आंधी में बदल गई। जिसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रही। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हुई। जिससे मौसम ठंडा हो गया। फिलहाल राजधानी में अगले कुछ दिनों तक बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कि दिल्ली में आज कैसा मौसम रहेगा।

दिल्ली में 31 मार्च को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश की संभावना जताई गई है। लेकिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आज राजधानी में बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज हवाओं संग हल्की बारिश भी हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। जिसके बाद अगले दो दिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।

अप्रैल में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल की शुरुआत भी कूल-कूल मौसम के साथ हो सकती है। 1 और 2 अप्रैल को राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। जिससे धूप का असर कम रहने के आसार हैं। 3 अप्रैल से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 4 अप्रैल को भी दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर भी जारी रहेगा।

तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी

राजधानी में बीते दो-तीन दिनों से मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण तापमान फिर से चढ़ने लगा था। जिससे गर्मी भी महसूस हो रही थी। लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के कारण एक बार फिर मौसम सुहावना हो गया है। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते फिलहाल अप्रैल के पहले सप्ताह तक दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान नहीं है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article