बिहार में आज का मौसम (31 March 2026): बिहार में आज मौसम का मिलाजुला रूप देखने को मिलेगा। कहीं पर मौसम शुष्क रहेगा तो कहीं आंधी-बारिश होने की संभावना है। बिहार में मार्च माह की शुरुआत भीषण गर्मी के साथ हुई थी। जिसके बाद इस महीने मौसम के कई रंग देखने को मिले। इस दौरान आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, बारिश, गरज-चमक ये सभी मौसम के दौर देखने को मिले। बीते कुछ दिनों से बारिश न होने के चलते प्रदेश में एक बार फिर गर्मी पैर पसारने लगी है। तापमान फिर से 40 डिग्री के पास पहुंच गया है। लेकिन आज मार्च के आखिरी दिन मौसम यू-टर्न लेने वाला है। आज कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार के आज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के 21 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें पूर्णिया, भागलपुर, किशनगंज, जमुई समेत पूर्वी हिस्से के सभी जिले और भोजपुर, कैमूर, बक्सर, औरंगाबाद, रोहतास और अरवल शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से अधमध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। वहीं अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। जिसके चलते दिन में धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो सकता है।
3 दिन बाद फिर होगी बारिश
बिहार में 1 अप्रैल को भी दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। जिसके बाद अगले 2 दिन मौसम शुष्क ही बने रहने का अनुमान है। 4 और 5 अप्रैल को एक बार फिर राज्य में बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद फिर से पारा नीचे लुढ़क सकता है। अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
5 अप्रैल को पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल को पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, समस्तीपुर, किशनगंज, अररिया, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, रोहतास, भभुआ, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 5 अप्रैल को बिहार के सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। खासतौर से भभुआ, रोहतास, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद और भोजपुर में बारिश की तीव्रता ज्यादा रह सकती है।
