शहर

दिल्ली का मौसम (28 Apr 2026) Delhi Weather Today: 70 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी आंधी, पारा 5 डिग्री तक गिरेगा और प्रचंड गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28 Apr 2026: दिल्ली-NCR में सोमवार रात से मौसम फिर करवट ले चुका है। आज आंधी के आसार हैं, 30 अप्रैल तक तापमान में 5 डिग्री की गिरावट संभव है।

Image

दिल्ली एनसीआर में प्रचंड गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली में आज का मौसम (28 Apr 2026 Delhi Weather Today): दिल्ली-NCR में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। तेज धूप के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। आसमान से आग बरस रही है, तपती धरती पर पांव रखना मुश्किल हो रहा है और आग की लपटें सी उठ रही हैं। तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। लेकिन, अगले तीन दिन गर्मी से हल्की-फुल्की राहत मिल सकती है। चलिए जानते हैं आज कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम -

मौसम ने कल यानी सोमवार 27 अप्रैल की शाम ही करवट लेने के संकेत दिए थे। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में कल हीटवेव जैसे हालात देखने को मिले। हालांकि, देर शाम तेज हवा और आंधी के साथ कुछ इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी होने से तापमान की रफ्तार पर कुछ हद तक ब्रेक लग गया। अब उम्मीद की जा रही है कि आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिलेगी।

आज 70 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

दिल्ली-NCR के साथ ही हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ अन्य इलाकों में भी 39 अप्रैल तक हल्की से मध्य बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने का अनुमान जताया है। हालांकि, आज यानी मंगलवार 28 और बुधवार 29 अप्रैल को कुछ इलाकों में तेज आंधी (50-60 किमी प्रति घंटा, झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा) भी चल सकती है, जिससे अचानक मौसम में बड़ा बदलाव होते नजर आएगा।

5 डिग्री तक गिरने वाला है तापमान!

मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार 28 अप्रैल से शनिवार 2 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में व्यापक स्तर पर आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में इसका अच्छा खासा असर देखने को मिलेगा। इसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। अगर ऐसा होता है तो यह चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे दिल्लीवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर होगी।

नींदें उड़ाएंगी वॉर्म नाइट्स

ज्ञात हो कि दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों जहां पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था, वहीं अब बादलों की आवाजाही और हवाओं के कारण गर्मी का असर कम होने की उम्मीद है। हालांकि, उमस और गर्म रातें (Warm Nights) लोगों की परेशानी को थोड़ी बढ़ा सकती हैं।

जानकारों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है। ऐसे में लोगों को तेज हवाओं, बिजली गिरने और अचानक बारिश के दौरान सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!