दिल्ली में आज का मौसम (18 June 2026): दिल्ली-एनसीआर में भले ही अभी मानसून की एंट्री न हुई हो, लेकिन गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली हुई है। इसकी वजह बादलों की मौजूदगी और आंधी-बारिश के मौसम को बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले 4 दिनों तक तेज गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में एक्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से दिल्ली में भी 21 जून तक आंधी-बारिश की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में 18 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज दिल्ली में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। इस बीच कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली में रविवार तक हल्की बूंदाबांदी, तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही का क्रम बने रहने की संभावना है।
दिल्ली में बढ़ रहा तापमान
दिल्ली में भले ही बादलों की आवाजाही के चलते भीषण गर्मी से राहत बनी हुई है, लेकिन अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। जिससे उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बुधवार को 38.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार की तुलना में इसमें 4.8 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ,जो 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
अल नीनो से मानसून कमजोर होने की आशंका बढ़ी
देश में इस साल अल नीनो के प्रभाव के चलते मानसून के कमजोर रहने की आशंका बढ़ गई है। 1 से 16 जून के बीच देश में सिर्फ 50.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 27.1% कम है। भारत की लगभग 75% सालाना बारिश मानसून के चार महीनों में होती है, इसलिए बारिश की यह कमी चिंता का कारण बनी हुई है।
