दिल्ली में आज का मौसम (17 Jan 2026): दिल्लीवासियों को कई दिनों बाद ठिठुरन भरी सर्दी से हल्की राहत मिली है। बीते पांच दिनों से राजधानी में शीतलहर का प्रकोप जारी है। हालांकि शुक्रवार को तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ ही मौसम भी थोड़ा नरम हुआ है। सर्द हवाओं के कारण जारी गलन का एहसास भी कम हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि एक दिन पहले ही यह दो डिग्री के करीब पहुंच गया था। गुरुवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो 2023 के बाद जनवरी का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। आइए जानते हैं कि दिल्ली में आज कैसा मौसम रहने वाला है:
दिल्ली में आज कैसा मौसम रहेगा
दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। जिसके बाद कोहरे के दायरे में कमी आने की संभावना है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। जिससे ठंडी से भी हल्की राहत महसूस होगी।
दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 18 जनवरी को मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 20 जनवरी तक दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और हल्के से मध्यम कोहरा रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान दिन का पारा 22 से 23 डिग्री और रात का तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
| दिल्ली के इलाके | न्यूनतम तापमान |
| सफदरजंग | 4.3 डिग्री |
| पालम | 4.7 डिग्री |
| रिज | 6 डिग्री |
| आयानगर | 4.3 डिग्री |
| लोधी रोड | 4.7 डिग्री |
दिल्ली में धूप-छांव का खेल रहा जारी
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। जिससे विजिबिलिटी काफी प्रभावित हुई। जिस कारण वाहन चालकों का काफी समस्या का सामना करना पड़ा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा भी छंट गया। लेकिन दिन में धूप-छांव का खेल देखने को मिला और बादलों की आवाजाही लगी रही। इस दौरान सफदरजंग केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
