शहर

दिल्ली का मौसम (15 Feb 2026) Delhi Weather Today: तेज हवाओं ने रोकी गर्मी, अब बारिश के दिख रहे आसार; जानें दिल्ली के मौसम का हाल

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 15 Feb 2026: दिल्ली-NCR में 15 फरवरी को मौसम साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन तेज हवाओं ने बढ़ती गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई है। लेकिन आइए जानते हैं असल में इसका कितना असर पड़ेगा और यह भी कि कैसा है दिल्ली के मौसम का हाल।

Image

दिल्ली में जल्द दिख रही बूंदाबादी की संभावना

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में आज का मौसम (15 Feb 2026): दिल्ली में फरवरी का महीना अपने साथ मौसम के कई रंग लेकर आया है। पिछले कुछ दिनों से जिस तरह तपिश बढ़ रही थी, उसे देखकर लग रहा था कि गर्मी ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है, लेकिन अब पहाड़ों पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने दिल्ली-एनसीआर की हवाओं का रुख बदल दिया है। 15 फरवरी को दिल्ली में धूप और सर्द हवाओं के बीच एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है।

तेज हवाओं ने दी राहत

पिछले तीन दिनों से दिल्ली-एनसीआर के लोग चिलचिलाती धूप से परेशान थे। फरवरी में ही मार्च और अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा था, लेकिन पिछले 24 घंटों में 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने तापमान के बढ़ते ग्राफ पर लगाम लगा दी है। हालांकि, तापमान में कोई बहुत बड़ी गिरावट नहीं हुई है, लेकिन इन तेज हवाओं की वजह से चिलचिलाती धूप का चुभना कम हो गया है और लोगों को एक बार फिर हल्की ठंडक महसूस हो रही है।

पारा 27 डिग्री के पार

15 फरवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम पारा 10 से 15 डिग्री के आसपास बना रहेगा। सुबह की शुरुआत हल्की धुंध के साथ हुई, जिससे विजिबिलिटी थोड़ी कम रही, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा और सुनहरी धूप खिलेगी। मौसम का मिजाज ऐसा है कि दोपहर में हल्की गर्माहट लगेगी, लेकिन शाम ढलते ही फिर से कंबल और हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी।

दिल्ली-एनसीआर में कब होगी बारिश? (Delhi Rain Forecast Today IMD)

मौसम विभाग और स्काईमेट वेदर के अनुसार, पहाड़ों पर आने वाले पश्चिमी विक्षोभ थोड़े कमजोर हैं, लेकिन उनके प्रभाव से राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बन रहा है। इसका असर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भी पड़ेगा। अनुमान है कि 17 और 18 फरवरी को दिल्ली के आसमान पर बादल डेरा डालेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। यह बारिश तापमान को एक बार फिर सामान्य के करीब ले आएगी।

AQI का हाल (Delhi AQI Today)

हवाओं की रफ्तार बढ़ने की वजह से दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) फिलहाल 'मध्यम' श्रेणी (150-200) में रहने की उम्मीद है। हालांकि सुबह के समय धुंध के कारण हवा थोड़ी भारी हो सकती है, जिससे अस्थमा के मरीजों को परेशानी हो सकती है। सुबह 7 बजे के CPCB के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली शहर का AQI 217 दर्ज किया गया।

घूमने-फिरने के लिए आज मौसम कैसा रहेगा ()

आज संडे है और अगर आप भी आउटडोर प्लान बनाने वाले लोगों में हैं तो आज का मौसम आपके लिए अनुकूल है। फ्लाइट्स और मेट्रो सेवाएं सामान्य रहने की उम्मीद है, बस सुबह के समय ड्राइविंग करते वक्त धुंध का ख्याल रखें। आज बारिश की संभावना नहीं है, मॉर्निंग वॉक के लिए सुबह 9 बजे के बाद का समय सबसे सही रहेगा। 16 फरवरी से तापमान में फिर हल्की बढ़ोतरी शुरू होगी, जो इस बात का संकेत है कि मार्च आते-आते दिल्ली पूरी तरह से गर्मी की चपेट में आ जाएगी।
Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article