दिल्ली में आज का मौसम (03 July 2026): दिल्ली-NCR के निवासियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राजधानी और आसपास के इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और लोगों को भीषण गर्मी के सितम से बड़ी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने से अब दिल्ली में भीषण लू और चुभने वाली गर्मी का दौर दोबारा नहीं लौटेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
तापमान में भारी गिरावट, लेकिन उमस बरकरार
गुरुवार को हुई बारिश के बाद राजधानी के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री कम यानी 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम होकर 22.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि, बारिश के बाद वातावरण में नमी का स्तर अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम 61 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जिसके चलते उमस अभी भी बरकरार है। वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 से 5 जुलाई के बीच होने वाली अच्छी बारिश से उमस का असर भी कम हो जाएगा।
दिल्ली-NCR की हवा हुई साफ
मानसून की बारिश का सबसे सकारात्मक असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा शुक्रवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली और उसके पड़ोसी शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी नीचे आ गया है और अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 से नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और कमी आएगी। 8 जुलाई तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की उम्मीद है, जिससे आने वाले पूरे हफ्ते मौसम मेहरबान रहेगा।
