शहर

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में तड़के झमाझम बारिश, आज बाहर जानें से पहले पढ़ लें मौसम विभाग का अलर्ट

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 Feb 2026: दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जिससे ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। आज तड़के दिल्ली एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।

Image

आज दिल्ली में बारिश का अलर्ट (AI Image)

दिल्ली में आज का मौसम (01 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में फरवरी माह की शुरुआत बारिश के साथ हो गई है। आज तड़के करीब साढ़े 5 बजे ग्रेटर नोएडा समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। जिससे ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट की भी संभावना है। हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। जिसके प्रभाव से पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिन बारिश व बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। आज यूपी, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR में आज सुबह से ही आसमान में बादल लदे हुए हैं। तड़के सुबह कुछ इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आज यहां दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने के आसार है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा कहीं-कहीं नजर आ सकता है। शाम के समय भी बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली में बीते 10 दिन में तीसरी बार बारिश

दिल्ली में यह पिछले 10 दिनों में तीसरी बार है, जब ठंड के बीच बारिश ने दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, यह इस महीने आए तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुआ है। इस बार नवंबर और दिसंबर में दिल्ली में बारिश देखने को नहीं मिली। लेकिन जनवरी में यहां झमाझम बारिश हुई। जनवरी के पहले पखवाड़े में मौसम शुष्क ही बना रहा। हालांकि दूसरे पखवाड़े में लगातार आए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कई बार बारिश दर्ज हुई। अब तक दिल्ली में जनवरी के माह में बीते 4 सालों में सबसे अधिक बारिश हुई है।

दिल्ली में फरवरी में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 2 से 6 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा सुबह के समय छाया रह सकता है। इस अवधि में दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट धीर-धीरे देखने को मिल सकती है। फरवरी में दिल्ली में कम बारिश होने और मौसम सामान्य से अधिक गर्म रहने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है। जिसकी वजह से इस बार गर्मी का मौसम जल्दी शुरू हो सकता है।

दिल्ली में कड़ाके की ठंड

दिल्ली में शनिवार की सुबह कड़ाके की ठंड के साथ हुई। सुबह के समय पारा 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान आयानगर में 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही भी बनी रही। साथ ही सर्द हवाएं भी चलीं। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, यह औसत तापमान से 0.8 डिग्री कम दर्ज हुआ।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article