Delhi Judge Suicide Case: दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां कड़कड़डूमा कोर्ट से जुड़े न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा (Aman Kumar Sharma Death) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और हैरानी का माहौल है। इस मामले में मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर सफदरजंग एन्क्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत कार्रवाई शुरू की है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सचिव के पद पर थे कार्यरत
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा अपने घर में फांसी पर लटके हुए पाए गए। वे दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। यह सूचना उनके बहनोई ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स आदि की कर रही जांच
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही उनके घर और कार्यालय से जुड़े सामान को भी जब्त कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। मृतक की पत्नी भी न्यायिक अधिकारी हैं और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पड़ोसियों और सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। अमन कुमार शर्मा ने वर्ष 2018 में कानून की पढ़ाई पूरी की थी और 2021 में न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। अक्टूबर 2025 में उन्होंने डीएलएसए में सचिव का पद संभाला था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
