शहर

आज दिल्ली में 'योग' का महाकुंभ: असोला भाटी में CM रेखा गुप्ता तो JLN स्टेडियम में अक्षय कुमार; जानें कौन-कहां कर रहा योगाभ्यास

International Yoga Day 2026: 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरी दिल्ली योगमय होने जा रही है। राजधानी में 29 प्रमुख स्थानों पर मेगा इवेंट्स होंगे और 730 से अधिक पार्कों में लोग योगाभ्यास करेंगे। इस बड़े आयोजन में एलजी तरनजीत सिंह संधू, सीएम रेखा गुप्ता और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत केंद्र व राज्य के अलग-अलग मंत्री विभिन्न इलाकों में योग करते दिखाई देंगे।

Image

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 (फोटो: एआई इमेज)

International Yoga Day 2026: रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली पूरी तरह योग के रंग में रंग गई है। राजधानी में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रमों की तैयारियां हुई हैं, जिसके तहत दिल्ली के 29 प्रमुख स्थानों पर 'मेगा योग इवेंट' आयोजित हुए हैं। इसके साथ ही, दिल्ली के 730 से ज्यादा पार्कों को आम जनता के योगाभ्यास के लिए विशेष रूप से खुला गया है।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने और योग प्रेमियों (Yog Diwas 2026) की सहूलियत के लिए दिल्ली मेट्रो ने एक बड़ी और खास पहल की है। 21 जून यानी आज दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सुबह 4:00 बजे से ही मेट्रो सेवाएं शुरू हो गई हैं, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के और समय पर अपने-अपने तय योग स्थलों तक पहुंच सकें।

दिग्गजों की मौजूदगी में सजेंगे योग सत्र

राजधानी के अलग-अलग कोनों में होने वाले इन कार्यक्रमों में केंद्र सरकार के कई बड़े मंत्रियों के साथ-साथ दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां उनके साथ केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी योग करेंगे।

सीएम रेखा गुप्ता असोला भाटी अभयारण्य में करेंगी योग

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता असोला भाटी माइंस की खूबसूरत नीली झील के किनारे योग कार्यक्रम की अगुवाई करेंगी। इस मौके पर उनके साथ पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी दिखाई देंगे। सीएम योग करने के बाद वहां जैव विविधता को बढ़ावा देने वाली 'विकसित भारत नर्सरी' का दौरा करेंगी।

इसके अलावा केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्री भी विभिन्न जगहों पर योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिनमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर नेहरू पार्क में, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पूसा में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार प्रगति मैदान में और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (दिल्ली चिड़ियाघर) में योग सत्रों में शामिल होंगे। वहीं पर दिल्ली सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के पार्कों और खेल मैदानों में जनता के साथ योग करेंगे।

डीडीए के पार्कों और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खास तैयारी

दिल्ली विकास प्राधिकरण ने भी इस दिन को खास बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। डीडीए की तरफ से दिल्ली के 18 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 11 बड़े पार्कों में विशेष सत्र रखे गए हैं। इनमें द्वारका, साकेत, सीरी फोर्ट, वसंत कुंज और रोहिणी जैसे वीआईपी खेल परिसरों के साथ-साथ स्वर्ण जयंती पार्क, हौज खास पार्क, संजय झील और विजय मंडल पार्क शामिल हैं, जहां सुबह से ही लोगों का हुजूम जुटने की उम्मीद जताई गई है।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम अभिनेता अक्षय कुमार भी होंगे शामिल

इस साल खेल मंत्रालय दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'योगा फॉर हेल्दी ऐजिंग' (स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग) थीम के तहत एक बेहद खास कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। खेल मंत्री मनसुख मांडविया और युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे करीब 3,000 लोगों के साथ इस सत्र की अगुवाई करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड के फिटनेस आइकॉन अक्षय कुमार होंगे, जो युवाओं को प्रेरित करने के लिए खुद यहां योगाभ्यास करेंगे।

देश की मशहूर योग ट्रेनर अंशुका परवानी इस विशेष सत्र को संचालन करती हुई नजर आएंगी। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, खेल मंत्रालय देश भर में भारतीय खेल प्राधिकरण के सभी क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया संस्थानों में एक साथ योग कार्यक्रम करा रहा है, जिसमें पूरे देश से 15,000 से अधिक लोगों के जुड़ने की उम्मीद है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article