शहर

दिल्ली होटल अग्निकांड : 12 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया मालिक और अकाउंटेंट, घायल बांग्लादेशी महिला की मौत

Delhi Hotel Fire : न्यायिक मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह होटल मालिक लवकेश बजाज और अकाउंटेंट जय मिश्रा को अदालत में पेश किए जाने के बाद, दोनों को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने की दिल्ली पुलिस की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे।

Image

दिल्ली अग्निकांड

दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल के मालिक और अकाउंटेंट को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जहां पिछले सप्ताह भीषण आग लगने से 22 लोगों की मौत हो गई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह होटल मालिक लवकेश बजाज और अकाउंटेंट जय मिश्रा को अदालत में पेश किए जाने के बाद, दोनों को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने की दिल्ली पुलिस की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे।

अदालत ने जेल अधीक्षक को बजाज को चिकित्सक द्वारा जारी दवाई की पर्ची (प्रिस्क्रिप्शन) के आधार पर दवाएं व चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने पर विचार करने का भी निर्देश दिया। मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित ’फ्लरिश स्टे बीएंडबी’ में तीन जून को लगी आग, राष्ट्रीय राजधानी में हाल के वर्षों में होटलों में लगने वाली सबसे भीषण आग में से एक थी। इस हादसे में अबतक 23 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हो गए थे।

बांग्लादेशी महिला की मौत

मालवीय नगर इलाके में होटल अग्निकांड में बुरी तरह से झुलसी बांग्लादेशी महिला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इस हादसे में मरने वालों की संख्या 23 हो गई है। पुलिस ने बताया कि आग में बुरी तरह झुलसी महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा था। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक बयान में कहा, "दुर्भाग्य से, इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। अब, मृतकों की कुल संख्या 23 हो गई है। मरने वाली महिला बांग्लादेश की नागरिक थी और आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ने एक बयान में बताया कि उसके यहां इस घटना में घायल हुए अब नौ मरीज़ भर्ती हैं जिनमें से सात को बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। बयान के मुताबिक, अब सिर्फ एक ही मरीज आईसीयू में भर्ती है और सभी मरीजों की हालत स्थिर है। हौज रानी स्थित ’फ्लोरिश स्टे बीएंडबी’ में तीन जून को लगी भीषण आग में कई विदेशी नागरिकों समेत 23 लोगों की मौत हो गई है तथा कई अन्य जख्मी हो गए थे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article