दिल्ली : दिल्ली में धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पुरानी एवं खंडित धार्मिक मूर्तियों और पूजा सामग्री के निस्तारण के लिए 110 चिन्हित स्थानों पर विशेष 'संग्रह केंद्र' स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही गणेश विसर्जन के लिए दिल्ली में कुल 81 कृत्रिम विसर्जन तालाबों की तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आस्था से जुड़ी धार्मिक परंपराएं पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जाए। साथ ही दिल्ली की स्वच्छता और पर्यावरण का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
खंडित मूर्तियों के सम्मानजनक विकल्प
अक्सर पुरानी या खंडित मूर्तियों और पूजा-पाठ से संबंधित सामग्री को लोग धार्मिक भावनाओं के कारण पेड़ों के नीचे, पार्कों, सड़क किनारे या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रख देते हैं। इससे एक ओर धार्मिक आस्था जुड़ी होती है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़ी चुनौती भी सामने आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार द्वारा 110 स्थानों की सूची तैयार की गई है, जहां विशेष ‘संग्रह केंद्र’ स्थापित किए जा रहे है। मंदिरों सहित विभिन्न उपयुक्त स्थानों पर उपलब्ध इन पात्रों में श्रद्धालु पुरानी, खंडित या धार्मिक सामग्री को सम्मानपूर्वक जमा कर सकेंगे।
इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन की सुविधा देने के लिए 81 चिन्हित स्थानों पर कृत्रिम विसर्जन तालाबों की तैयारी पूरी कर ली गई है। इनमें दिल्ली के विभिन्न जिलों में निर्धारित स्थान शामिल हैं। गणेश विसर्जन की तैयारियों में सुरक्षा, स्वच्छता, लाइट, चिकित्सा, आपातकालीन व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और पर्यावरणीय सुरक्षा जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कृत्रिम विसर्जन स्थलों पर ही किया जाए। यमुना नदी या अन्य जल निकायों में प्रतिमाओं का विसर्जन न किया जाए।
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर
गणेश विसर्जन को व्यवस्थित बनाने के लिए सभी 13 राजस्व जिलों में संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ तैयारियां की गई हैं। विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। विसर्जन के बाद प्रतिमाओं के अवशेष और अन्य सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हटाने तथा स्थलों की सफाई की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उत्सव के बाद सार्वजनिक स्थान स्वच्छ बने रहें।
दिल्ली की स्वच्छता का भी संकल्प
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक बनें। सरकार ऐसी व्यवस्थाएं तैयार कर रही है, जिनसे दिल्लीवासी अपनी आस्था से जुड़ी परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ निभा सकें। साथ ही, शहर की स्वच्छता और पर्यावरण की रक्षा में भी सहभागी बनें।
