NEET Exam 2026: मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET UG Exam) देने जा रहे छात्रों और उनके परिवारों के लिए दिल्ली सरकार ने एक बेहद सराहनीय और राहत भरी घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने परीक्षा से ठीक एक दिन पहले सभी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को अपनी शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ने ऐसे पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि भीषण गर्मी के इस मौसम में किसी भी परिवार को सफर करने या परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार करने में कोई परेशानी न उठानी पड़े।
सरकार की इस अनूठी पहल के तहत, नीट परीक्षा के दिन सभी छात्र दिल्ली परिवहन निगम यानी की DTC की बसों में बिल्कुल मुफ्त सफर (free DTC bus travel for neet candidates) कर सकेंगे। इसके लिए छात्रों को बस में कंडक्टर को केवल अपना वैलिड नीट एडमिट कार्ड दिखाना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो और वे बिना किसी मानसिक तनाव के समय पर अपने सेंटर तक बिना किसी समस्या के पहुंच सकें।
परीक्षार्थियों के माता-पिता के लिए भी जरूरी इंतजाम
परीक्षा के समय अक्सर ऐसा देखा जाता है कि जब छात्र परीक्षा हॉल के अंदर पेपर दे रहे होते हैं, तो उनके माता-पिता कड़कती धूप और भीषण गर्मी में बाहर घंटों इंतजार करते हैं। इस मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने पहली बार एक अनोखी व्यवस्था की है। दिल्ली के सभी 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर जिला प्रशासन द्वारा विशेष 'कूलिंग जोन' (Cooling Zones) बनाए गए हैं। इन कूलिंग जोन्स में अभिभावकों के बैठने और आराम करने के लिए आरामदायक छायादार व्यवस्था की गई है।
भीषण गर्मी को देखते ये जरूरी सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध
इसके साथ ही वहां साफ पानी, शिकंजी, ओआरएस (ORS) का घोल, चाय और प्राथमिक उपचार (First-Aid) जैसी जरूरी सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बच्चे के सपने और माता-पिता की उम्मीदों का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। जब माता-पिता सुरक्षित और तनावमुक्त महसूस करेंगे, तो इसका सकारात्मक असर बच्चों के प्रदर्शन पर भी पड़ेगा और वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकेंगे।
