शहर

दिल्ली में नहीं है गैस की कमी! CM रेखा गुप्ता ने अफवाहों को किया खारिज, कालाबाजारी पर दी सख्त चेतावनी

जब देश के तमाम इलाकों से रसोई गैस (LPG) की किल्लत की खबरें आ रही हैं, दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि यहां स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर एक महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है।

Image

दिल्ली सरकार ने गैस-ईंधन की किल्लत को बताया अफवाह (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Delhi LPG Crisis: देश के तमाम हिस्सों से लगातार LGP की किल्लत की खबरें आ रही हैं और दिल्ली भी इनसे बची नहीं है। लेकिन इसी बीच राजधानी में एलपीजी (LPG) और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर दिल्ली सरकार ने विराम लगा दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया है कि दिल्ली में सभी प्रकार के ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार ने नागरिकों से पैनिक बुकिंग या अनावश्यक खरीदारी न करने की अपील की है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि दिल्ली में LPG, पेट्रोल, डीजल और PNG का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें। अक्सर आपूर्ति बाधित होने की अफवाहों के चलते लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा सामान स्टोर करने लगते हैं, जिससे बनावटी किल्लत पैदा हो जाती है। सरकार ने साफ किया है कि ऐसी स्थिति दिल्ली में नहीं है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर रहेगी कड़ी नजर

सरकार ने उन तत्वों को भी कड़ी चेतावनी दी है जो इस स्थिति का फायदा उठाकर अवैध मुनाफाखोरी या जमाखोरी की कोशिश कर सकते हैं। सीएम ऑफिस के अनुसार, प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। यदि कोई डीलर या बिचौलिया गैस सिलेंडरों या ईंधन की कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पड़ोसी राज्यों की स्थिति के बीच दिल्ली का रुख

यह बयान ऐसे समय में आया है जब पंजाब, हरियाणा, यूपी समेत देश के अधिकांश हिस्सों में LPG वितरण प्रणाली में देरी और एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। दिल्ली सरकार का यह कदम राजधानी में किसी भी संभावित 'पैनिक सिचुएशन' को रोकने के लिए उठाया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article