Traffic Advisory: कांवड़ यात्रा को देखते हुए दिल्ली और गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख रास्तों पर यातायात प्रतिबंध किया गया है और डायवर्जन लगाया गया है। लोगों से घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील की गई है।
दिल्ली में 11 अगस्त तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी रोड, वीर बांदा बैरागी मार्ग, रानी झांसी फ्लाईओवर और फैज रोड जैसे रास्ते प्रभावित रह सकते हैं। इस दौरान यात्रियों को नेताजी सुभाष मार्ग, रिंग रोड और सलीमगढ़ बाईपास जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर जीपीओ चौक, लोधी रोड, कश्मीरी गेट और सिविल लाइंस क्षेत्र में भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।
गाजियाबाद में 5 से 12 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक प्लान
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने 5 अगस्त सुबह 8 बजे से 12 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। दिल्ली से आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को शहर में एंट्री पर रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को एनएच-56, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दादरी-हापुड़ मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। इसके अलावा लोनी बॉर्डर, मोहन नगर, गंगनहर कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, एनएच-9 और कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या नियंत्रित रहेगी। निजी वाहन, बसें, ऑटो-रिक्शा और दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
बस सेवाओं में भी बदलाव
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, बस सेवाओं के संचालन में भी बदलाव किया गया है। आनंद विहार से चलने वाली कई बसें लालकुआं तक ही संचालित होंगी। सीमापुरी और तुलसी निकेतन से आने वाली बसों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। वहीं मेरठ और गाजियाबाद के बीच चलने वाली कुछ बस सेवाओं के रूट में भी बदलाव किया गया है।
यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें। लोगों को सलाह दी गई है कि वे भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए पुलिस के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
