शहर

Delhi : रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पर सरकार की पैनी नजर, 3 कमेटियां संभालेंगी मोर्चा

दिल्ली सरकार ने रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ की तैयारियों के लिए तीन विशेष कमेटियां बनाई हैं। आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, सफाई, बिजली, पानी, ट्रैफिक और मेडिकल सुविधाओं की निगरानी होगी।

Image

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली : दिल्ली में रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार ने तीन अलग-अलग स्पेशल कमेटियां गठित की हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर गठित ये कमेटियां आयोजन स्थलों को अंतिम रूप देने के साथ ही वहां जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा और निगरानी करेंगी। सरकार का फोकस पानी, बिजली, सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक, मेडिकल, एंबुलेंस, फायर सर्विस और मोबाइल टॉयलेट जैसी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर है। इसके अलावा आयोजन समितियों को जरूरी एनओसी हासिल करने में भी मदद की जाएगी। इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए प्रक्रिया को आसान बनाने की व्यवस्था की जाएगी।

रामलीला की तैयारियों के लिए कमेटी

रामलीला की तैयारियों की निगरानी के लिए बनाई गई कमेटी की अध्यक्षता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह करेंगे। विधायक अशोक गोयल, अनिल कुमार शर्मा, श्याम शर्मा, संजय गोयल और संदीप सेहरावत इसके सदस्य होंगे।

कमेटी रामलीला स्थलों पर बिजली, पानी, सफाई, सुरक्षा, फॉगिंग, मेडिकल और ट्रैफिक समेत जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। इसके साथ ही आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल और नशामुक्त भारत जैसे संदेशों को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।

दुर्गा पूजा के लिए भी विशेष कमेटी

दुर्गा पूजा की तैयारियों के लिए गठित कमेटी की अध्यक्षता मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे। विधायक शिखा राय और नीरज बसोया के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि भट्टाचार्य, देवदत्त भारद्वाज और अरुण मुखर्जी को कमेटी में शामिल किया गया है।

यह कमेटी पूजा स्थलों पर नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृत्रिम या अस्थायी तालाब और टैंक तैयार किए जाएंगे। विसर्जन के बाद बचे सामान और अन्य सामग्री की सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

छठ घाटों पर सुविधाओं की होगी निगरानी

छठ पूजा की तैयारियों के लिए गठित कमेटी की कमान भी मंत्री कपिल मिश्रा को दी गई है। विधायक अभय कुमार वर्मा, चंदन कुमार चौधरी, संदीप सेहरावत और दीपक चौधरी कमेटी के सदस्य होंगे। सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा भी इसमें शामिल हैं।

कमेटी छठ घाटों पर पानी, बिजली, सफाई और सुरक्षा के अलावा मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, फायर सर्विस, मोबाइल टॉयलेट और ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी करेगी। आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराने पर जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता से भी जुड़े बड़े त्योहार हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इन आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने पर जोर दिया जाएगा। त्योहारों के दौरान सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ तैयारियां की जाएंगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article