दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने इस सीजन का सबसे कड़ा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आज राजधानी में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में इस साल की पहली बारिश दर्ज की गई। लोगों की सुबह की शुरुआत ही बारिश और सर्द हवाओं के साथ हुई। जिसने कंपकंपी को और बढ़ा दिया है। साथ ही गलन भी बहुत महसूस हो रही है।
दिल्ली में 5 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा
मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। पिछले साल राजधानी में न्यूनतम पारा 9 जनवरी को 4.8 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। हालांकि IMD ने अभी दिल्ली में कोल्ड वेव या कोल्ड डे की स्थिति घोषित नहीं की है। सफदरजंग के अलावा कई अन्य इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के अंदर दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह आया नगर में 4.8 डिग्री, पालम में 5.0 डिग्री, लोधी रोड में 5.2 डिग्री और रिज क्षेत्र में 5.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
| दिल्ली के इलाके | न्यूनतम तापमान |
| सफदरजंग | 4.6°C |
| आया नगर | 4.8°C |
| पालम | 5.0°C |
| लोधी रोड | 5.2°C |
| रिज | 5.4°C |
नोएडा-गुरुग्राम में इस साल की पहली बारिश
आज सुबह दिल्ली के साथ ही नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चल रही सर्द हवाओं ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बारिश के बाद तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। जिससे जिससे आने वाले दिनों में ठंड भी और ज्यादा तीखी महसूस हो सकती है। हालांकि आज सुबह हुई बारिश के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा। जिसकी वजह से सुबह के समय कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रही। जिसका असर सड़क और हवाई यातायात पर भी पड़ा।
दिल्ली में दिनभर सता रही ठंड
दिल्ली में गुरुवार को भी दिनभर तेज ठंड का एहसास हुआ। इस दौरान सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस सीजन का तीसरा सबसे कम तापमान रहा, यह सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे ही रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के सभी निगरानी केंद्रों पर अधिकतम तापमान औसत से कम दर्ज हुआ, जिससे पूरे दिन कंपकंपी का एहसास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना काफी कम है।
