शहर

दिल्ली के बुराड़ी में दर्दनाक हादसा, खुले नाले में गिरकर 2 साल की मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Burari Incident: दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में खुले नाले में गिरने से 2 साल की बच्ची की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसे विभागीय लापरवाही बताया और कार्रवाई की मांग की।

Burari Incident: दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके (Mukundpur drain case) से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां खुले नाले में गिरने से दो साल की मासूम बच्ची आश्वी केसरी की मौत हो गई। यह हादसा मुकुंदपुर के ईशु विहार इलाके में हुआ, जहां घरों के बाहर लंबे समय से नाला खुला पड़ा है और पहले भी कई बार हादसों की वजह बन चुका है। जानकारी के अनुसार, आश्वी घर के बाहर खेलने निकली थी, लेकिन कुछ ही देर में वह अचानक गायब हो गई। परिजनों ने काफी देर तक उसे आसपास तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

नाले के अंदर दलदल में फंसी मिली बच्ची

बाद में घर के पास बने गहरे नाले पर शक हुआ। परिवार और स्थानीय लोगों ने नाले में कई बार तलाश की। आखिरकार बच्ची नाले के अंदर दलदल में फंसी हुई मिली। बच्ची को तुरंत पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई बच्चे इस नाले में गिर चुके हैं, लेकिन समय रहते उन्हें बचा लिया गया था।

लोगों ने फ्लड विभाग की लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार

लोगों ने बताया कि नाले की गहराई काफी ज्यादा है और यह बिना ढक्कन के खुला हुआ है, जिससे हर समय खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासियों ने इस घटना के लिए फ्लड विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नाले को ढका गया होता या सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि लापरवाही कितनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है और समय रहते कदम उठाना कितना जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article