Delhi Accident News: दिल्ली में सोमवार को नांगलोई-नजफगढ़ रोड एक भीषण हादसा हो गया। जहां एक DTC बस ने कथित तौर पर एक ई-रिक्शा और स्कूटर को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में ई-रिक्शा और स्कूटर में सवार लोग शामिल हैं। इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बस में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
गुस्साई भीड़ ने दूसरी बसों को भी किया क्षतिग्रस्त
बताया जा रहा है कि डीटीसी बस को आग के हवाले करने के बाद भी भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने कई दूसरी बसों को भी रुकवाया और उनमें तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने करीब 3 से 4 बसों के शीशों को तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
इलाके में अब काबू में हालात
पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें आश्वासन दिया कि टक्कर मारने वाली बस के चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। वहीं बस में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, बस में आग लगने की सूचना सुबह करीब 10 बजे मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि बस पूरी तरह आग की लपटों से घिरी है। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 11 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हादसे के बाद इलाके में पुलिस बल को तैनात किया गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
