शहर

चंडीगढ़ में नकाबपोश बदमाशों ने बरसाईं गोलियां; मेडिकल स्टोर में बैठे कैशियर को 13 राउंड फायरिंग कर उतारा मौत के घाट

चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में शनिवार दोपहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। इस हमले में स्टोर के कैशियर जानकी दास की मौत हो गई, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हैं तथा आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

Image

फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची (फोटो- ANI)

Photo : ANI

Chandigarh News: चंडीगढ़ में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पीजीआई के निकट सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर पर नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे स्टोर के कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। स्कूटी पर सवार तीन बदमाश कुमार मेडिकल स्टोर पहुंचे और दुकान को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। मेडिकल स्टोर पहुंचते ही उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और करीब 13 राउंड गोलियां दागीं। पूरी वारदात को कुछ ही पलों में अंजाम दिया गया, जिसके बाद आरोपी तेजी से वहां से फरार हो गए। इस बीच, सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम कर रही है। पुलिस के जवान भी मेडिकल स्टोर के आसपास तैनात हैं।

कैशियर की हुई मौत

गोलियों की चपेट में आने से मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी गंभीर रूप से घायल हो गए। ऐसे में उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए चारों ओर नाकेबंदी कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

मास्क लगाकर दुकान में एंट्री

चंडीगढ़ के कार्यकारी एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह के अनुसार, सेक्टर-11 स्थित मेडिकल स्टोर में हुई फायरिंग की घटना में घायल हुए जानकी दास की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकी दास हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। वारदात के दौरान एक आरोपी मोटरसाइकिल पर बाहर निगरानी करता रहा, जबकि चेहरे पर मास्क लगाए दो अन्य हमलावर दुकान के अंदर दाखिल हुए और कैशियर को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

गोल्डी ढिल्लो गैंग ने ली

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 13 राउंड फायरिंग की गई और इसके लिए ऑटोमैटिक हथियार का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच में यह जानकारी सामने नहीं आई है कि दुकान मालिक को पहले किसी प्रकार की धमकी मिली थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाहर खड़े अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कैशियर की हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लो गैंग ने ली। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!