Delhi AQI: देश की राजधानी दिल्ली में दीपावली बीत जाने के बाद भी वायु प्रदूषण के स्तर में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। मंगलवार, 10 नवंबर को सुबह 7 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 307 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में आता है। हालांकि, सोमवार यानी दीवाली के अगले दिन की सुबह (344 AQI) की तुलना में आज आंकड़े में मामूली कमी दर्ज की गई है, लेकिन शहर की आबोहवा में जहर का असर बदस्तूर जारी है।
चांदनी चौक और पूसा में 390 के पार
CPCB के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता में भारी भिन्नता देखी जा रही है। शहर के 28 प्रमुख निगरानी केंद्रों के आंकड़े चिंताजनक स्थिति बयां कर रहे हैं। चांदनी चौक और पूसा को दिल्ली का सबसे दूषित इलाका दर्ज किया गया, जहां AQI खतरनाक 395 के स्तर पर पहुंच गया।
अत्यंत चिंताजनक स्थिति (AQI 350 से 400 के बीच):
- NSUT जाफरपुर: 382
- कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: 380
- सीरीफोर्ट: 371
- तालकटोरा स्टेडियम: 372
- JNU: 369
- IIT दिल्ली: 364
- बुराड़ी क्रॉसिंग: 360
- पंजाबी बाग: 355
- आया नगर: 354
अन्य प्रमुख इलाकों की स्थिति
नेहरू नगर (344), नरेला (341), मुंडका (336), DTU (331), आरके पुरम (328), द्वारका सेक्टर-8 (327), लोधी रोड (326), बवाना (321), शादीपुर (319), डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (311), झड़ौदा कलां (311), बुराड़ी (309), वजीरपुर (306), जहांगीरपुरी (305), रोहिणी (304) और दिलशाद गार्डन (301) में भी स्तर सुबह-सुबह बहुत खराब श्रेणी में रहा।
क्या कहते हैं CPCB के पैमाने?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार वायु गुणवत्ता के मानक इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं:
- 0-50: अच्छा (Good)
- 51-100: संतोषजनक (Satisfactory)
- 101-200: मध्यम (Moderate)
- 201-300: खराब (Poor)
- 301-400: बहुत खराब (Very Poor)
- 401-500: गंभीर (Severe)
क्यों जहरीली हो रही है दिल्ली की हवा?
पर्यावरण और एयर क्वालिटी विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय दिल्ली की हवा के जहरीले होने का सबसे बड़ा कारण दिवाली के दौरान छूटे पटाखे और इस नीम पर करेला साबित हो रहीं प्रतिकूल मौसमी स्थितियां हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब वातावरण में वेंटिलेशन इंडेक्स 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे चला जाता है और औसत हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हो जाती है, तो वायुमंडल में मौजूद प्रदूषक कण एक ही जगह जमा होने लगते हैं और उनका फैलाव रुक जाता है। ऐसी मौसमी परिस्थितियों के कारण आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR की हवा और अधिक जहरीली तथा खतरनाक होने की आशंका बनी हुई है।
