शहर

Weather Update: चक्रवात 'अर्नब' का तांडव, ओडिशा में तबाही के बाद UP, दिल्ली और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात 'अर्नब' के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी तबाही हुई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

Image

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'अर्नब' और डीप डिप्रेशन के कारण दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मानसून की विदाई के वक्त आए इस चक्रवाती तूफान ने कई राज्यों में भारी तबाही और जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बता दें कि इस खराब मौसम के कारण से उड़ाने भी प्रभावित हो रही हैं। गुरुवार को रांची जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। आधिकारिक बयान के अनुसार, बेंगलुरु-रांची उड़ान 6E221 (एयरबस A320) रात 9:45 बजे लखनऊ पहुंची, जबकि दिल्ली-रांची उड़ान 6E5023 (एयरबस A320) रात 10:20 बजे उतरी।

ओडिशा के पुरी में प्रचंड हवाएं

ओडिशा के पुरी समेत तटीय इलाकों में बीती रात से ही बेहद तेज हवाएं चल रही हैं। हवा के प्रचंड थपेड़ों से पुलिस बैरिकेड्स धराशायी हो गए और होर्डिंग्स व बैनर हवा में उड़ गए। कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ और उनकी शाखाएं टूटकर गिर गईं। ओडिशा प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए निचले और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों से 8,082 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया है।

आंध्र प्रदेश के कलिंगपटनम से टकराया तूफान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह मौसम प्रणाली आंध्र प्रदेश के कलिंगपटनम तट से टकराई। तट पार करते समय हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 28 सेंटीमीटर और कोय्यालागुडेम में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कें और खेत पूरी तरह जलमग्न हो गए।

उत्तर और पूर्वी भारत पर भी चक्रवात का बड़ा असर

चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के कारण उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में झमाझम बारिश का दौर जारी है।

उत्तर प्रदेश: मौसम विभाग ने यूपी के 23 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 38 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। 25 और 26 सितंबर को पूर्वी यूपी में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

दिल्ली-NCR: राजधानी दिल्ली में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।

पश्चिम बंगाल: मेदिनीपुर, पानागढ़ और कोलकाता में लगातार मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। शनिवार तक समुद्र के अशांत रहने की संभावना के चलते मछुआरों को बंगाल की खाड़ी से दूर रहने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों, कमजोर इमारतों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article