Bihar Deputy CM Cyber Fraud: बिहार में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे राज्य के वीवीआईपी (VVIP) नेताओं को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव (Bijendra Prasad Yadav Courier Scam) से जुड़ा है, जिन्हें शुक्रवार को एक साइबर ठग ने न सिर्फ अपनी ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश की, बल्कि नाकाम रहने पर उनके साथ बेहद अभद्र व्यवहार भी किया।
इस गंभीर मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री के निजी सचिव ने तुरंत एक्शन लेते हुए साइबर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सीएम सुवेंदु अधिकारी से मिलेंगे TMC के बागी सांसद, महुआ मोइत्रा ने याद दिलाया संविधान का 91वां संशोधन
पार्सल के नाम पर फंसाने की थी कोशिश
साइबर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नितीश चंद्र धरिया ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया से साझा की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के पास एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आया। कॉल करने वाले शातिर अपराधी ने उन्हें झांसे में लेने के लिए एक पुराना और जाना-माना पैंतरा आजमाया। उसने कहा कि उपमुख्यमंत्री के नाम पर एक पार्सल बुक हुआ है और उसकी डिलीवरी तभी हो पाएगी जब वह अपनी कुछ निजी जानकारियां उसके साथ शेयर करेंगे।
जब झांसे में नहीं आए डिप्टी सीएम
डिजिटल फ्रॉड को लेकर सतर्क उपमुख्यमंत्री तुरंत सामने वाले की चालाकी भांप गए और उन्होंने कोई भी जानकारी साझा करने से मना करते हुए फोन काट दिया। अपनी चाल को नाकाम होता देख साइबर ठग बौखला गया। उसने उपमुख्यमंत्री को एक के बाद एक कई बार फोन मिलाए और जब डिप्टी सीएम ने फोन उठाया, तो उसने उनके साथ बेहद अपशब्दों और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू
एक राज्य के उपमुख्यमंत्री के साथ इस तरह की बदसलूकी और ठगी की कोशिश के बाद साइबर पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई है। डीएसपी नितीश चंद्र धरिया ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से यह कॉल आया था, उसे ट्रेस कर लिया गया है और उसकी पहचान हो चुकी है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
