शहर

बेमौसम बरसात से बढ़ी किसानों की मुश्किलें; सीएम योगी का सख्त निर्देश, अन्नदाताओं को तुरंत मिले राहत और मुआवजा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लगातार हो रही असमय बारिश से प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को नुकसान का सही आकलन कर जल्द मुआवजा देने और हर स्तर पर सतर्क रहने को कहा है।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: एएनआई)

Photo : ANI

CM Yogi Adityanath Farmers Relief: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार हो रही बारिश से प्रभावित किसानों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई जिलों में हुई असमय बारिश से किसानों को हो रही परेशानी पर जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि हर हाल में आपदा का प्रभाव किसानों पर न्यूनतम रखा जाए। जनहानि, पशुहानि तथा घायलों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बारिश से नष्ट हुई फसलों का वास्तविक आकलन कर विस्तृत जानकारी एकत्र की जाए और प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वेक्षण कर तत्काल रिपोर्ट प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए, ताकि मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जा रहा है। सभी जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में रहकर स्थिति का जायजा लेने और समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी निर्देशित किया कि वे अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहें और समन्वय बनाए रखें, ताकि राहत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।

टोल फ्री नंबर पर कराया अपनी शिकायत दर्ज

सीएम योगी ने किसानों से भी अपील की कि वे अपनी फसल क्षति की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और जिनकी कटाई के बाद खलिहान में रखी फसल को नुकसान हुआ है, वह 14 दिनों तक बीमा के दायरे में रहेगी। ऐसे किसान 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article