CM Yogi Adityanath Ayodhya Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी बुधवार 29 अप्रैल को अयोध्या का दौरा करेंगे, जहां वे कई धार्मिक और आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 4:10 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए राम कथा पार्क स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे लगभग 4:30 बजे हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे और फिर 4:35 बजे रामलला के दरबार में पहुंचकर पूजन-अर्चना करेंगे। रामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री 4:45 बजे शिव मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे।
कितने घंटें का होगा पूरा दौरा?
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राम मंदिर परिसर में उपस्थित करीब 800 अतिथियों को संबोधित भी करेंगे। शाम 5:45 बजे वे राम जन्मभूमि परिसर से राम कथा पार्क हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और वहां से राजधानी के लिए प्रस्थान करेंगे। पूरा दौरा लगभग 1 घंटे 45 मिनट का रहेगा, ऐसे में राम नगरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत
वहीं इससे पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प गुच्छ देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी में स्वागत किया। पीएम मोदी कल अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। वाराणसी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं के साथ बाबा विश्वनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन किया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 'एक्स' पर पोस्ट करके कहा, "अविनाशी काशी में बाबा काशी विश्वनाथ के गर्भगृह में विधिवत दर्शन-पूजन कर महादेव का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। देवाधिदेव महादेव के चरणों में राष्ट्र की निरंतर प्रगति, जनकल्याण और प्रत्येक नागरिक की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। हर हर महादेव।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा ये
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से लिखा, "भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ शिव नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान भोलेनाथ सभी भक्तों व प्रदेशवासियों का कल्याण करें, यही प्रार्थना है।" भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ’एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, "अविनाशी नगरी काशी स्थित विश्वनाथ धाम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का पूजन-अर्चन किया।" चौधरी ने कहा, "इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।" उन्होंने कहा कि बाबा से यही प्रार्थना है कि वे चराचर जगत का कल्याण करें और राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करें, हर-हर महादेव।
