शहर

Delhi News: दिल्ली सरकार 1300 श्रद्धालुओं को सोमनाथ के दर्शन के लिए भेजेगी: गुप्ता

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया कि "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व - सोमनाथ यात्रा" के तहत 1300 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ के दर्शन कराने के लिए एक विशेष ट्रेन 30 अप्रैल को यहां से रवाना होगी।

Image

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो- PTI)

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–सोमनाथ यात्रा” की घोषणा करते हुए बताया कि इस पहल के तहत 1300 श्रद्धालुओं को भगवान शिव के पवित्र धाम सोमनाथ के दर्शन कराए जाएंगे। इसके लिए 30 अप्रैल को दिल्ली से एक विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी।

सीएम ने क्या-क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने इस यात्रा को केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ धाम भारतीय आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का एक दिव्य प्रतीक है, जो सदियों से लोगों को प्रेरित करता रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत किया जा रहा है, जो हजारों वर्षों की अटूट आस्था और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है। उन्होंने इसे दिल्लीवासियों के लिए एक विशेष पहल बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनकी आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह यात्रा केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय परंपरा, संस्कृति और मूल्यों को समझने और उनसे जुड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कामना व्यक्त की कि इस यात्रा के माध्यम से सनातन मूल्यों का प्रसार हो, संस्कृति और अधिक समृद्ध हो तथा समाज में सेवा की भावना मजबूत बने।

कब जाएगी ट्रेन?

जानकारी के अनुसार, यह विशेष ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से 30 अप्रैल को रवाना होगी और अगले दिन सुबह सोमनाथ पहुंचेगी। श्रद्धालु 1 मई से 3 मई तक सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और आसपास स्थित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे।

गुजरात सरकार से भी मिलेगा सहयोग

गुजरात सरकार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। इस तरह यह यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव को भी सुदृढ़ करने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article