शहर

Uttarakhand News: चमोली के दसोली में आपदा में बही सड़क, CM धामी ने अधिकारियों को तुरंत बहाली के निर्देश दिए

चमोली जिले के दशोली ब्लॉक स्थित खैनुरी गांव को जोड़ने वाली सड़क आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले पुर तुरंत संज्ञान लेते हुए सड़क को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

Image

पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के चमोली जिले में आपदा से क्षतिग्रस्त हुई खैनुरी गांव को जोड़ने वाली सड़क को जल्द बहाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए चमोली जिले के डीएम और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से गांव के करीब 120 परिवारों के सामने आवाजाही की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने दसोली ब्लॉक में खैनुरी गांव के ग्रामीणों से फोन पर बातचीत कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण गांव को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद CM धामी ने अधिकारियों को तुरंत जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कर सुरक्षित और सुचारु यातायात जल्द बहाल किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर स्थिति का आकलन करने और बहाली के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को भी कहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सेवाओं की बहाली में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और बुनियादी सुविधाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं। CM पुष्कर सिंह धामी ने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ लेने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन की जल्द बहाली सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासन को ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए जमीन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने और आवश्यक व्यवस्थाएं बिना देरी के लागू करने को कहा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article